जैसलमेर । लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को जिला मुख्यालय पर ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
अतिरिक्त जिला कलक्टर नरेंद्रपाल सिंह ने इंडोर स्टेडियम से ‘रन फॉर यूनिटी’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ इंडोर स्टेडियम से प्रारंभ होकर पुलिस लाइन एवं डाइट मार्ग होते हुए हनुमान चौराहा पहुंची। यहां अतिरिक्त जिला कलक्टर ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष दौड़ में शामिल सभी प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी महेश कुमार बिस्सा, तहसीलदार फतेह राज, परियोजना प्रबंधक राजीविका हिम्मत सिंह कविया, जिला रसद अधिकारी सवाईलाल सुथार, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रमेश सुथार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी, पुलिसकर्मी, विद्यालयों के विद्यार्थी, भारत स्काउट एवं गाइड, बास्केटबॉल अकादमी के खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में आमजन शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता श्रीमती आरती मिश्रा ने किया।
