मुख्य सामग्री पर जाएँ
बुधवार, 18 नवंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Jaislmer news

मतगणना संबंधी प्रशिक्षण संपन्न, 300 कार्मिकों को दिया गया सैद्धांतिक एवं प्रायोगिक प्रशिक्षण

चुनाव की तरह ही मतगणना कार्य भी पूरी दक्षता, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराएं - जिला निर्वाचन अधिकारी

WAf𝕏TGin✉🖨
मतगणना संबंधी प्रशिक्षण संपन्न, 300 कार्मिकों को दिया गया सैद्धांतिक एवं प्रायोगिक प्रशिक्षण

            जैसलमेर । पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत आगामी 20 नवंबर को होने वाली जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना को लेकर बुधवार को मतगणना सुपरवाइजर एवं मतगणना सहायकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें ईवीएम एवं डाक मतपत्रों से संबंधित मतगणना प्रक्रिया का सैद्धांतिक एवं प्रायोगिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

            प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने कहा कि आप सभी ने पंचायत चुनाव की विभिन्न प्रक्रियाओं को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अब आगामी 20 नवंबर को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन की ईवीएम एवं डाक मतपत्रों से मतगणना का दायित्व पूरी दक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ निभाना है। उन्होंने कहा कि जिस कुशलता और प्रतिबद्धता के साथ मतदान प्रक्रिया संपन्न कराई गई है, उसी तत्परता से मतगणना कार्य भी स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं विवेकपूर्ण ढंग से संपन्न कराएं।

          उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से कहा कि मास्टर ट्रेनर्स द्वारा दी जा रही जानकारी को गंभीरता एवं तन्मयता से ग्रहण करें। मतगणना प्रक्रिया के किसी भी चरण को लेकर कोई शंका हो तो उसका समाधान प्रशिक्षण के दौरान ही सुनिश्चित कर लें, ताकि मतगणना दिवस पर किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो।

           विशेषाधिकारी चुनाव रोहित वर्मा ने कहा कि मतगणना का कार्य सुव्यवस्थित एवं अनुशासित तरीके से संपन्न कराएं एवं इस दौरान रिटर्निंग अधिकारी द्वारा दिए जाने वाले विधिसम्मत निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करें।

         प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के प्रभारी अधिकारी चंद्रवीर सिंह ने कहा कि मतगणना से जुड़े प्रत्येक अधिकारी एवं कार्मिक के साथ अभ्यर्थियों, निर्वाचन अभिकर्ताओं एवं गणना अभिकर्ताओं को भी मतगणना की गोपनीयता बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने सभी कार्मिकों को निर्धारित प्रक्रिया एवं रिटर्निंग अधिकारी के निर्देशों की पालना करते हुए जिम्मेदारी से कार्य करने की बात कही।

300 कार्मिकों को दिया गया प्रशिक्षण

         दक्ष प्रशिक्षक विजय कुमार बलानी ने बताया कि प्रशिक्षण के प्रथम सत्र में 160 मतगणना सुपरवाइजर एवं मतगणना सहायकों तथा द्वितीय सत्र में 140 प्रशिक्षणार्थियों को दो अलग-अलग कक्षाओं में ईवीएम एवं मतगणना प्रक्रिया का सैद्धांतिक एवं प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया गया।

           दक्ष प्रशिक्षक मिश्री सिंह ने डाक मतपत्रों की गणना के विभिन्न चरणों की जानकारी देते हुए वैध एवं अवैध मतों के निर्धारण तथा उनके निस्तारण की प्रक्रिया विस्तार से समझाई। दक्ष प्रशिक्षक मुख्तार अली ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से ईवीएम द्वारा मतगणना की संपूर्ण प्रक्रिया की जानकारी दी। वहीं दक्ष प्रशिक्षक नरेंद्र वासु ने मतगणना के दौरान संधारित किए जाने वाले विभिन्न प्रपत्रों एवं उनमें की जाने वाली प्रविष्टियों के संबंध में विस्तार से प्रशिक्षण प्रदान किया।

            प्रशिक्षण के दौरान मतगणना प्रक्रिया के प्रत्येक चरण, निर्धारित नियमों एवं आवश्यक सावधानियों की जानकारी देकर कार्मिकों को मतगणना दिवस के लिए दक्ष एवं तैयार किया गया।