मुख्य सामग्री पर जाएँ
गुरुवार, 19 नवंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Jaislmer news

जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतगणना स्थल का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

मतगणना कार्य में पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं दक्षता के साथ सभी तैयारियां समयबद्ध पूर्ण करने के दिए निर्देश

WAf𝕏TGin✉🖨
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतगणना स्थल का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

         जैसलमेर । पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव–2026 के तहत जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन की मतगणना को सुचारू, सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने गुरुवार को जिला मुख्यालय स्थित एस.बी.के. राजकीय महाविद्यालय में स्थापित मतगणना स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।

         जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतगणना से जुड़े रिटर्निंग अधिकारियों, विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारी अधिकारियों तथा संबंधित कार्मिकों को राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित प्रक्रिया की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतगणना का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील है। ऐसे में प्रत्येक अधिकारी एवं कार्मिक पूर्ण सतर्कता, जिम्मेदारी एवं समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि मतगणना प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न हो सके।

         निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतगणना कक्षों में गणना के लिए की गई व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया तथा पंचायत समिति वार निर्धारित मतगणना कक्षों में टेबल व्यवस्था, आवश्यक संसाधनों एवं अन्य प्रबंधों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि मतगणना से संबंधित समस्त तैयारियां निर्धारित समयावधि में पूर्ण कर ली जाएं तथा किसी भी स्तर पर व्यवस्थाओं में कमी नहीं रहे।

        उन्होंने मतगणना स्थल पर स्थापित मीडिया सेंटर, एनआईसी कक्ष, सांख्यिकी कक्ष एवं पंचायत समिति वार मतगणना कक्षों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके साथ ही स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेटिंग, अधिकारियों एवं कार्मिकों के आवागमन, प्रवेश एवं निकासी मार्गों तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों का भी अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतगणना स्थल पर निर्धारित प्रवेश व्यवस्था एवं आवागमन की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा सुरक्षा एवं प्रबंधन से जुड़े सभी पहलुओं पर विशेष ध्यान रखा जाए।

         जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतगणना के दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय एवं प्रभावी मॉनिटरिंग आवश्यक है। सभी संबंधित अधिकारी आपसी तालमेल के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि मतगणना प्रक्रिया निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप व्यवस्थित रूप से संचालित हो तथा मीडिया सहित सभी अधिकृत व्यक्तियों के लिए निर्धारित व्यवस्थाएं सुचारू रहें।

        उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतगणना दिवस से पूर्व सभी तैयारियों का पुनः परीक्षण कर लें तथा सौंपे गए दायित्वों का पूर्ण गंभीरता एवं सजगता के साथ निर्वहन सुनिश्चित करें।

         इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर नरेंद्रपाल सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी यशार्थ शेखर, विशेषाधिकारी चुनाव रोहित वर्मा, संबंधित रिटर्निंग अधिकारी हीर सिंह चारण एवं गोपीकिशन पालीवाल, मीडिया प्रकोष्ठ प्रभारी प्रवीण प्रकाश चौहान, तहसीलदार प्रीतम सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।