आज सुबह मुंबई निवासी विनोद जैन,अपनी पत्नी मधु डूंगरवाल,मित्र अनिल और उनकी पत्नी मधु ढींगरा के साथ, दूरंतो एक्सप्रेस से कोटा होते हुए श्री खाटू श्याम जी के दर्शन को जा रहे थे । इसी बीच जब कोटा जंक्शन पर विनोद किसी काम से नीचे उतरे और इतने में गाड़ी चल दी, चलती गाड़ी में चढ़ते समय उनका पैर फिसल गया और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई ।
धर्म कर्म और ईश्वर में आस्था रखने वाले सेवाभावी विनोद तेरापंथ युवा परिषद के साथ जुड़कर काफी समय से सामाजिक कार्यों में अपना योगदान देते रहे हैं । उनकी मृत्यु की सूचना जैसे कोटा के तेरापंथ युवक परिषद के सदस्यों को लगी तो वह तुरंत ही परिवार को संबल प्रदान करने के लिए पहुंचे ।
सभी ने विनोद और उनके परिवार के सेवाओं को देखते हुए, उनकी पत्नी मधु से विनोद के नेत्रदान करवाने की चर्चा की जिस पर मधु ने तुरंत ही सहमति दे दी । सदस्यों ने तुरंत ही शाइन इंडिया फाउंडेशन को संपर्क कर, ईबीएसआर के टेक्नीशियन के माध्यम से, एमबीएस हॉस्पिटल की मोर्चरी में नेत्रदान संपन्न कराया।
