शाइन इंडिया फाउंडेशन के राष्ट्रव्यापी नेत्रदान जागरुकता एवं नेत्र संकलन अभियान के तहत आज सुबह शहर गरोठ, जिला मंदसौर निवासी शपथ आयुक्त एडवोकेट रमेश कुमार शर्मा का उनके निवास स्थान,बाईपास तहसील रोड,पर आकस्मिक निधन हो गया ।
बेटे वैभव ने,माँ कांति देवी से स्व० पिता एडवोकेट रमेश कुमार के नेत्रदान के लिए सहमति लेने के बाद संस्था शाइन इंडिया के ज्योति मित्र, एवं भारत विकास परिषद के सदस्य नरेंद्र कुमार चौधरी को पिता के नेत्रदान करवाने के लिए आग्रह किया।
नेत्रदान संपन्न करवाने किए लिये,गरोठ से 120 किलोमीटर दूर कोटा में शाइन इंडिया फाउंडेशन के डॉ कुलवंत गौड़ को, गरोठ बुलाया गया और नेत्रदान की प्रक्रिया परिवार की सभी सदस्यों के बीच में संपन्न की गयी।
डॉ गौड़ ने बताया कि,जब भी वह कभी दूर, किसी शहर में नेत्रदान के लिए जाते हैं,तो प्रयास करते हैं कि, किसी विद्यालय में नेत्रदान के विषय पर कार्यशाला हो सके, इस मौके पर परिषद के सहयोग से,भानपुरा रोड स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय में कक्षा 8 से 11 तक 200 भैया बहनों (विद्यार्थियों) व शिक्षक शिक्षिकाओं को नेत्रदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी ।
कार्यशाला के बाद सभी बच्चों से,नेत्रदान से सम्बन्धित प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम किया गया और सभी विजेताओं को शाइन मेडल से पुरस्कृत किया गया ।
