बांसवाड़ा | दशकों से दैवी उपासना के क्षेत्र में संचालित तथा हर अष्टमी को सामूहिक दुर्गासप्तशती अनुष्ठान की परम्परा में जुटे विन्ध्यवासिनी अष्टमी मण्डल बांसवाड़ा की ओर तीन दिवसीय शरदोत्सव दुर्गार्चन महानुष्ठान श्री पीताम्बरा आश्रम में 24 अक्टूबर, शनिवार से आरंभ होगा।
इसके अन्तर्गत दैवी साधकों द्वारा शतचण्डी महायज्ञ, हवनात्मक चण्डी यज्ञार्चन एवं कई दैवी पूजा अनुष्ठान किए जाएंगे। इनमें गायत्री मण्डल, भगवती मण्डल तथा अन्य धार्मिक संस्थाओं के दैवी साधक एवं भक्तगण भी हिस्सा लेंगे।
इसके अन्तर्गत 24 अक्टूबर, शनिवार को अपराह्न 3 बजे हेमाद्रि संकल्प, गणपति आवाहन, देवी पूजन, पुण्याहवाचन आदि के उपरान्त चण्डी पाठ होगा।
अगले दिन 25 अक्टूबर, रविवार को शतचण्डी महानुष्ठान के अन्तर्गत चण्डीपाठ का क्रम जारी रहेगा। महानुष्ठान के अंतिम दिन 26 अक्टूबर, सोमवार को शतचण्डी हवन होगा, जिसकी पूर्णाहुति शाम 5.30 बजे होगी।