बांसवाड़ा | श्री पीताम्बरा आश्रम में विन्ध्यवासिनी अष्टमी मण्डल के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय शरदोत्सव दुर्गार्चन महोत्सव की भव्य एवं आशातीत सफल सम्पन्नता पर इसके आयोजक पं. ललित कुमार आचार्य का गायत्री मण्डल की ओर से अभिनन्दन किया गया।
शुक्रवार रात्रि आश्रम परिसर में आयोजित समारोह में गायत्री मण्डल के मुख्य संरक्षक दिलीप गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोहर जी. जोशी, ख्यातनाम वास्तुविद् पं. चन्द्रशेखर जोशी ‘चन्दू दादा’ तथा शिक्षाविद् पं. मनोहर एच. जोशी ने पं. ललित कुमार आचार्य को पुष्पहार, शॉल एवं उपरणा पहनाकर सम्मानित किया।
समारोह का संचालन करते हुए गायत्री मण्डल के कोषाध्यक्ष एवं कथावाचक पं. अनन्त जोशी ने कहा कि यह आयोजन दैवी चेतना के जागरण और आध्यात्मिक ऊर्जा के सामूहिक संचरण का सशक्त माध्यम बना।
उन्होंने इसे गायत्री मण्डल के विगत पाँच दशकों के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा महानुष्ठान बताते हुए कहा कि इसमें बड़ी संख्या में दैवी साधकों ने श्रद्धा, समर्पण और सामूहिक सहभागिता के साथ भाग लिया।
उन्होंने विन्ध्यवासिनी अष्टमी मण्डल की गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि शक्ति उपासना के नियमित आयोजनों तथा दैवी साधनाओं के विस्तार की दिशा में मण्डल का योगदान सराहनीय एवं अनुकरणीय है।
इस अवसर पर गायत्री मण्डल के कार्यकारिणी सदस्य अरुण व्यास, आजीवन सदस्य अंकित आचार्य, आश्रम के कार्यक्रम समन्वयक पं. मनोज नरहरि भट्ट सहित मण्डल के सदस्य हेमांग जोशी, रचना व्यास, चौबीसा राजेश व्यास एवं अनिल पण्ड्या ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने ऐसे आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को निरन्तर प्रोत्साहित करने तथा सामूहिक सहभागिता से आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।
समारोह में उपस्थित सदस्यों ने पं. ललित कुमार आचार्य के आयोजन-समर्पण की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के दैवी एवं आध्यात्मिक अनुष्ठानों के आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की।
