मुख्य सामग्री पर जाएँ
बुधवार, 28 अक्टूबर 2026 उदयपुर · 29°C
Banswara News

श्री पीताम्बरा आश्रम में तीन दिवसीय शरदोत्सव दुर्गार्चन महोत्सव सम्पन्न

शिव-शक्ति महायज्ञ में श्रीफल पूर्णाहुति, महाआरती एवं पुष्पांजलि में उमड़े श्रद्धालु

WAf𝕏TGin✉🖨
श्री पीताम्बरा आश्रम में तीन दिवसीय शरदोत्सव दुर्गार्चन महोत्सव सम्पन्न

बांसवाड़ा | श्री पीताम्बरा आश्रम में विन्ध्यवासिनी अष्टमी मण्डल के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय शरदोत्सव दुर्गार्चन महोत्सव का समापन शिव-शक्ति महायज्ञ एवं शतचण्डी यज्ञ में श्रीफल की पूर्णाहुति के साथ हुआ।

समापन अवसर पर महाआरती एवं पुष्पांजलि विधान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। सम्पूर्ण आयोजन भक्तिमय वातावरण और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सम्पन्न हुआ। पूर्णाहुति उत्सव में महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, गुजरात एवं अन्य राज्यों के दैवी भक्त भी शामिल हुए।

यज्ञ की पूर्णाहुति लालीवाव मठ के पीठाधीश्वर एवं महामण्डलेश्वर श्रीमहंत हरिओमदासजी महाराज, वेदज्ञ पं. सूर्यशंकर नागर तथा बड़ी संख्या में देवी साधकों और श्रद्धालुओं की उपस्थिति में मुख्य साधक पं. ललित कुमार आचार्य ने सम्पन्न कराई।

यज्ञ के दौरान आचार्यमण्डल में सम्मिलित दैवी साधकों पं. राकेश शुक्ल, पं. प्रदीप भट्ट एवं पं. सुनील आचार्य के आचार्यत्व में रुद्र एवं चण्डी मंत्रों के साथ वैदिक विधानानुसार गौघृत तथा विभिन्न पूजन-द्रव्यों से आहुतियां समर्पित की गईं।

गायत्री मण्डल, विन्ध्यवासिनी अष्टमी मण्डल, भगवती मण्डल सहित विभिन्न देवी उपासना से जुड़े साधकों, पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, परिवारजनों एवं श्रद्धालुओं ने यज्ञ में भाग लेकर आहुतियां अर्पित कीं।

पूर्णाहुति के पश्चात महाआरती एवं पुष्पांजलि विधान सम्पन्न हुआ। इस दौरान श्रद्धालुओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। आयोजन के पूर्व यज्ञमण्डप में ग्रहशान्ति, देवी-देवताओं एवं दश दिक्पालों का आवाहन, मण्डप स्थापना तथा षोडशोपचार विधि से पूजा-अर्चना की गई। श्री पीताम्बरा आश्रम के आराध्य देव हनुमानजी, नर्मदेश्वर महादेव एवं माँ बगलामुखी की विशेष पूजा-अर्चना भी की गई।

शक्ति आराधना लोककल्याण का सशक्त माध्यम - महामण्डलेश्वर महोत्सव के समापन अवसर पर प्रवचन करते हुए लालीवाव मठ के पीठाधीश्वर एवं महामण्डलेश्वर श्रीमहंत हरिओमदासजी महाराज ने शक्ति आराधना और यज्ञादि अनुष्ठानों को समष्टि एवं व्यष्टि के कल्याण का दिव्य और प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने धर्म, साधना एवं यज्ञीय परम्पराओं को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

वयोवृद्ध वेद विद्वान ने दिया वैदिक मंत्राशीर्वाद वयोवृद्ध वेदविद्वान पं. सूर्यशंकर नागर ने वैदिक ऋचाओं के माध्यम से उपस्थित धर्मावलम्बियों को आशीर्वाद प्रदान किया। उनके वैदिक मंत्रोच्चार से आयोजन का वातावरण आध्यात्मिक भाव से परिपूर्ण रहा।

गायत्री मण्डल ने किया साधकों एवं गणमान्यजनों का अभिनन्दन आयोजन के अवसर पर गायत्री मण्डल की ओर से ऐतिहासिक सिद्ध तपोभूमि लालीवाव मठ के पीठाधीश्वर श्रीमहंत हरिओमदासजी महाराज सहित सौ से अधिक देवी साधकों एवं गणमान्य विशिष्ट अतिथियों का उपरणा पहनाकर अभिनन्दन किया गया। तीन दिवसीय महोत्सव ने श्रद्धालुओं को सामूहिक उपासना, वैदिक परम्परा और आध्यात्मिक साधना से जुड़ने का अवसर प्रदान किया।