मुख्य सामग्री पर जाएँ
शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Banswara News

श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया संत उदासी महाराज का 119वाँ निर्वाण दिवस

समाधि मंदिर में वैदिक विधि से गुरु-पूजन, चरण-पादुकाओं पर पुष्पांजलि, गुरु महिमा उत्सव में संत परम्परा के संरक्षण पर दिया जोर

WAf𝕏TGin✉🖨
श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया संत उदासी महाराज का 119वाँ निर्वाण दिवस

बाँसवाड़ा | वागड़ की संत परम्परा के सिद्ध तपस्वी संत श्रीश्री 1008 उदासी महाराज का 119वाँ निर्वाण दिवस शुक्रवार को श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया।

इस अवसर पर राजतालाब के समीप स्थित काली कल्याण धाम परिसर के समाधि मंदिर में विशेष गुरु-पूजन, मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठान हुए। दिनभर श्रद्धालुओं और अनुयायियों का आवागमन बना रहा। भक्तों ने गुरु महाराज की समाधि एवं चरण-पादुकाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।

समाधि मंदिर परिसर में गुरु महाराज की समाधि, धूंणी, संतश्री के श्रीविग्रह तथा बुद्धेश्वर महादेव और ऋणमोचक हनुमान सहित विभिन्न देव प्रतिमाओं का विधि-विधान से पूजन किया गया। गुरु-पादुका पूजन के साथ वैदिक मंत्रों और शास्त्रीय विधानों के अनुरूप धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न हुए। इस दौरान गुरु-महिमा गान, गुरु-वन्दना और स्तवन स्तोत्रों का सामूहिक पाठ भी हुआ।

गुरु महिमा उत्सव में संत परम्परा पर विमर्श शुक्रवार शाम समाधि मंदिर एवं धूंणी धाम परिसर में गुरु-महिमा उत्सव आयोजित किया गया। इसमें सामाजिक चिन्तक एवं राष्ट्रवादी विचारक हरिकृष्ण आचार्य ने संत उदासी महाराज के जीवन, उनकी कठोर तपस्या, धर्म-अध्यात्म के प्रति समर्पण तथा क्षेत्र में भक्ति-परम्परा को सुदृढ़ करने में उनके अमूल्य योगदान पर विचार व्यक्त किए।

उन्होंने कहा कि वागड़ की संत परम्परा इस अंचल की अमूल्य आध्यात्मिक धरोहर है। यहां अनेक ऐसे संत और तपस्वी हुए हैं, जिनके जीवन, साधना और लोककल्याणकारी कार्यों का व्यापक परिचय नई पीढ़ी तक पहुंचना चाहिए।

संत चरित्र और आध्यात्मिक साहित्य के दस्तावेजीकरण पर जोर शिक्षाविद् हरिकृष्ण आचार्य ने वागड़ की संत परम्परा पर व्यवस्थित शोध, प्रामाणिक दस्तावेजीकरण और व्यापक प्रचार-प्रसार की आवश्यकता प्रतिपादित की।

उन्होंने कहा कि स्थानीय संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और संबंधित जिम्मेदार लोगों को इस दिशा में पहल करनी चाहिए, ताकि क्षेत्र के विलक्षण संतों, तपस्वियों और विभूतियों के जीवन एवं कृतित्व का संरक्षण हो सके।

इससे नई पीढ़ी अपनी आध्यात्मिक विरासत और सांस्कृतिक मूल्यों से परिचित हो पाएगी।

सामूहिक गुरु-वन्दना और पूजन-अर्चन निर्वाण दिवस के अवसर पर सामूहिक गुरु-वन्दना, गुरुगीता पाठ और पूजन-अर्चन के विशेष अनुष्ठान भी हुए।

इनमें मेहता परिवार के नरेश देवीलाल मेहता, अखिल भारतीय औदीच्य ब्राह्मण समाज के जिलाध्यक्ष रामशंकर जोशी, शिक्षाविद् मनोहर जोशी एवं विनोद मनोहर चौबीसा, चन्द्रेश व्यास, पूर्व नायब तहसीलदार शशिकुमार शर्मा, भारती आचार्य, पुष्पा व्यास, आचार्य योगिता व्यास, मनोज नरहरि भट्ट तथा काली कल्याण धाम के सेवक करणसिंह वाघेला सहित अनेक श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

उपस्थित भक्तों ने समाधि पर श्रीफल अर्पित कर गुरु महाराज के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

42 वर्षों से अनवरत गुरु-सेवा, 72 वर्षीय नरेश मेहता का अभिनन्दन समारोह का एक विशेष आकर्षण उदासी महाराज के अनन्य भक्त 72 वर्षीय नरेश देवीलाल मेहता का सम्मान-अभिनन्दन रहा।

मेहता परिवार की तीन पीढ़ियों से चली आ रही गुरु-सेवा की परम्परा को वे निरन्तर आगे बढ़ा रहे हैं।

परिवार के अनुसार, पिछले 42 वर्षों से वे प्रतिदिन समाधि एवं धूंणी मंदिर पहुंचकर गुरु महाराज के श्रीविग्रह और समाधि के दर्शन, पूजा-अर्चना तथा श्रृंगार-सेवा करते आ रहे हैं।

उदासी महाराज के प्रति उनकी यह अटूट निष्ठा और नियमित सेवा उपस्थित श्रद्धालुओं के लिए विशेष प्रेरणा का विषय रही।

इन्होंने किया सम्मान-अभिनंदन समारोह में शिक्षा सेवा के पूर्व वरिष्ठ अधिकारी हरिकृष्ण आचार्य, रामशंकर जोशी, चन्द्रेश व्यास और मनोहर जोशी ने नरेश मेहता को शॉल एवं उपरणा ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा आध्यात्मिक साहित्य भेंट किया। वक्ताओं ने उनकी दीर्घकालीन गुरु-भक्ति, अनुशासन और समर्पित सेवा-भाव की सराहना की।

सामूहिक प्रयासों का संकल्प ग्रहण इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि उदासी महाराज जैसे सिद्ध संतों की साधना और उनके अनुयायियों की सेवा-परम्परा वागड़ की आध्यात्मिक पहचान है। ऐसी परम्पराओं का संरक्षण और नई पीढ़ी तक उनका परिचय पहुंचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी ने सामूहिक प्रयासों का संकल्प लिया।

-