मुख्य सामग्री पर जाएँ
गुरुवार, 5 नवंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Kota News

श्रीराम मंदिर की चिकित्सा सेवाओं को मिलेगी नई ताकत, खरीदी जाएंगी सोनोग्राफी और इको मशीन

वृहद सभा में माधव सत्संग भवन के नवनिर्माण सहित 48 नए वार्षिक सदस्यों के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी

WAf𝕏TGin✉🖨
श्रीराम मंदिर की चिकित्सा सेवाओं को मिलेगी नई ताकत, खरीदी जाएंगी सोनोग्राफी और इको मशीन

कोटा। श्रीराम मंदिर कोटा जंक्शन की चिकित्सा सेवाओं का विस्तार होगा। मंदिर परिसर में संचालित चिकित्सा सुविधाओं को आधुनिक बनाने के लिए सोनोग्राफी मशीन और हृदय जांच के लिए इको मशीन खरीदी जाएगी। इसके साथ ही सर्वसुविधायुक्त माधव सत्संग भवन के नवनिर्माण तथा वर्ष 2027 के लिए 48 नए वार्षिक सदस्य बनाने के प्रस्ताव को भी सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।

श्रीराम मंदिर कोटा जंक्शन परिसर स्थित माधव सत्संग भवन में श्रीराम मंदिर प्रबंध समिति एवं श्रीराम धर्मार्थ सेवा समिति की वार्षिक वृहद सभा-2026 आयोजित हुई। सभापति महेश वर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में मंदिर के विकास, चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और भविष्य की योजनाओं से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

सभा का शुभारंभ प्रभु श्रीराम के चित्र पर पुष्पहार अर्पित कर एवं मंगलाचरण के साथ हुआ। सभापति महेश वर्मा ने सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि लगभग 100 वर्षों से स्थापित हाड़ौती का प्रतिष्ठित श्रीराम मंदिर प्रत्येक रामभक्त और सनातनी की आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंदिर की गरिमा, हित और विकास के लिए सभी सदस्यों को निष्पक्षता एवं शालीनता के साथ अपने सुझाव देने चाहिए।

संस्था अध्यक्ष डॉ. सुधीर उपाध्याय ने मंदिर में आयोजित धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों तथा आगामी योजनाओं की जानकारी दी। महामंत्री परमानंद शर्मा ने श्रीराम मंदिर प्रबंध समिति और चिकित्सा मंत्री अर्जुन सिंह चंदेल ने श्रीराम धर्मार्थ सेवा समिति का वर्ष 2025-26 का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।

कोषाध्यक्ष हरिप्रसाद अग्रवाल ने संस्था का वार्षिक आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया। वित्त वर्ष 2026-27 के लिए चार्टर्ड अकाउंटेंट पी. खंडेलवाल एंड कंपनी की नियुक्ति का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया।

चिकित्सा सुविधाओं के आधुनिकीकरण पर जोर सभा का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार को लेकर रहा। आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आधुनिक सोनोग्राफी मशीन और इको मशीन खरीदने का प्रस्ताव पारित किया गया। इससे मरीजों को जांच संबंधी बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। वहीं माधव सत्संग भवन के नवनिर्माण को भी हरी झंडी दी गई।

संस्था के विस्तार और गतिविधियों को गति देने के लिए वर्ष 2027 में 48 नए वार्षिक सदस्य बनाने पर सहमति बनी। नए सदस्यों के चयन की नीति निर्धारित करने के लिए सभापति महेश वर्मा की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समिति गठित करने का निर्णय लिया गया। समिति में संस्था अध्यक्ष एवं महामंत्री भी शामिल रहेंगे।

वरिष्ठ सदस्यों ने रखे सुझाव सभा में वरिष्ठ सदस्य मोहन नागर, अशोक गेरा, राजीव माथुर, ओम प्रजापति, चंद्रप्रकाश सचदेवा, गिरिराज शर्मा, संरक्षक डॉ. राकेश शर्मा, महावीर खंडेलवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र चावला, उपाध्यक्ष हरिकुमार शर्मा, कमल प्रसाद शर्मा, रघुवेंद्र नांगल, भंवर पुरोहित, हेमचंद गुप्ता एवं भारत भूषण खत्री सहित अन्य सदस्यों ने विभिन्न विषयों पर सुझाव एवं प्रस्ताव रखे।

संस्थाहित में दिए गए उपयोगी सुझावों को सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया।

अंत में दिवंगत सदस्यों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सभापति महेश वर्मा ने सभी सदस्यों, पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए दीपावली की शुभकामनाएं दीं। सभा का संचालन महामंत्री परमानंद शर्मा ने किया। समापन पर सभी सदस्यों को स्नेहभोज प्रसादी के लिए आमंत्रित किया गया।