मुख्य सामग्री पर जाएँ
रविवार, 22 नवंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Kota News

पिता के निधन पर नेत्रदान कर मेहता परिवार ने पेश की मानवता की मिसाल

स्काउट की वर्दी में कोटा से बारां पहुंचे डॉ. कुलवंत गौड़, संपन्न करवाई नेत्रदान प्रक्रिया

WAf𝕏TGin✉🖨
पिता के निधन पर नेत्रदान कर मेहता परिवार ने पेश की मानवता की मिसाल

बारां। शहर के वरिष्ठ पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता बृजमोहन मेहता के पिता स्व. हजारीलाल मेहता (ढीकवानी वालों) के आकस्मिक निधन पर शोकाकुल परिवार ने नेत्रदान करवाकर मानवता की अनुकरणीय मिसाल पेश की।

नेत्रदान जागरूकता अभियान से जुड़े भारत विकास परिषद, बारां के सचिव हितेश खंडेलवाल की प्रेरणा से परिवार ने दुःख की घड़ी में भी इस पुनीत कार्य के लिए सहमति प्रदान की।

सूचना मिलते ही शाइन इंडिया फाउंडेशन, कोटा के डॉ. कुलवंत गौड़, जो उस समय कोटा में स्काउट कार्यक्रम में भाग ले रहे थे, अपनी स्काउट वर्दी में ही बारां पहुंचे और नेत्रदान की प्रक्रिया संपन्न करवाई।

विशेष बात यह रही कि समरानियां जैसे ग्रामीण क्षेत्र से जुड़े मेहता परिवार की महिलाओं ने भी नेत्रदान के महत्व को समझते हुए पूरे उत्साह से सहयोग किया। पुत्र बृजमोहन मेहता, रामचरण मेहता तथा पौत्र सौरभ एवं अंकित मेहता सहित सभी परिजनों ने इस पुनीत कार्य में सहभागिता निभाई।

भारत विकास परिषद, बारां के अध्यक्ष नरेश खंडेलवाल एवं कोषाध्यक्ष अम्बिका प्रकाश शर्मा ने परिवार के इस निर्णय की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।

**स्व. हजारीलाल मेहता जीवनभर धर्म और परोपकार से जुड़े रहे। जाते-जाते भी नेत्रदान के माध्यम से उन्होंने किसी जरूरतमंद की दुनिया रोशन करने की उम्मीद जगाई। उनका अंतिम महादान समाज को हमेशा मानवता और सेवा की प्रेरणा देता रहेगा।**