कोटा । बाल दिवस की पूर्व संध्या पर राजकीय सार्वजनिक मंडल पुस्तकालय, कोटा में बाल पाठकों के सम्मान में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पुस्तकालय में नियमित रूप से अध्ययन करने वाले बाल पाठकों एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। साथ ही बच्चों को सोशल मीडिया के सकारात्मक, सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर मंडल पुस्तकालय अध्यक्ष डॉ. दीपक कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे महत्वपूर्ण रचनात्मक शक्ति हैं। पुस्तकालय बच्चों में पढ़ने की आदत, तार्किक चिंतन, रचनात्मकता एवं ज्ञान अर्जन की प्रवृत्ति विकसित करने का सशक्त माध्यम है। आज के डिजिटल युग में बच्चों को केवल इंटरनेट का उपयोग करना ही नहीं, बल्कि सही जानकारी की पहचान करना और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार सीखना भी आवश्यक है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पध्मराग मणि आयकर निरीक्षक आयकर विभाग कोटा ने “बच्चों को सोशल मीडिया पर समय के संतुलित उपयोग, व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता तथा भ्रामक सूचनाओं से बचने की सलाह दी। , विशिष्ठ अतिथि बबली मीना एवं काजल सामरिया ने बालोपयोगी शैक्षिक सामग्री, ई-पुस्तकों, ज्ञानवर्धक वीडियो एवं उपयोगी शैक्षिक वेबसाइटों की जानकारी साझा की, ताकि बच्चे इंटरनेट का उपयोग मनोरंजन के साथ-साथ ज्ञान एवं कौशल विकास के लिए भी कर सकें। इस अवसर पर उनकी तीन प्रमुख पुस्तके “ में, तुम हम( काव्य संग्रह ) , आधी सदी ( काव्य संग्रह ) एवं वो तिन दिन ( कहानी संग्रह )” को भेंट की |
कार्यक्रम संयोजिका श्रीमती शशि जैन ने बच्चों को नियमित पठन-पाठन, पुस्तकों से जुड़ाव तथा अपनी प्रतिभा को निरंतर निखारने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पुस्तकों के साथ बिताया गया समय बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम में पुस्तकालय की बाल प्रतिभाओं में श्रीप्रिया गुगलिया को बाल प्रतिभा सम्मान मेडल, वत्सल को बाल ज्ञान गौरव मेडल, ऋषि बबैरवाल को बाल पुस्तक मित्र सम्मान, मीनाक्षी सुमन को बाल मेधा सम्मान मेडल, भावेश को बाल सृजनशीलता सम्मान, ध्रुव कुशवाह को पुस्तकालय बाल गौरव मेडल, हर्षित मीना को बाल ज्ञान साधक मेडल, वेदांशी को बाल उत्कृष्टता सम्मान मेडल एवं देवयांश ,आयुष , ऐशानी धाकड़ को नन्हे ज्ञान सितारे सम्मान मेडल से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बाल स्टोरी टेलर शिक्षिका बबली मीणा को भी बेस्ट स्टोरी टेलर पुरूस्कार से सम्मानित किया गया | इस सम्मान से बच्चों में विशेष उत्साह एवं प्रसन्नता देखने को मिली।
कार्यक्रम का मंच संचालन सीमा वर्मा, कनिष्ठ सहायक ने किया। कार्यक्रम प्रबंधन का दायित्व रोहित नामा, कनिष्ठ सहायक ने निभाया तथा राम निवास धाकड़ ने परामर्शदाता के रूप में सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर शिक्षिका श्रीमती बबली मीना भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में पुस्तकालय के प्रति आकर्षण बढ़ाने, पठन संस्कृति को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें सुरक्षित एवं ज्ञानपरक डिजिटल दुनिया से जोड़ना रहा।
बालोपयोगी वेबसाइटों की जानकारी साझा की
डॉ. दीपक कुमार श्रीवास्तव ने बच्चों को इंटरनेट पर उपलब्ध विभिन्न निःशुल्क एवं उपयोगी बाल साहित्यिक और शैक्षिक संसाधनों की जानकारी देते हुए विशेष रूप से स्टोरीवीवर, ऑक्सफोर्ड आउल, स्टोरीबेरीज़, स्टोरीलाइन ऑनलाइन एवं फ्री किड्स बुक्स जैसी वेबसाइटों से परिचित कराया। इन वेबसाइटों के माध्यम से बच्चे रोचक कहानियों, चित्रात्मक पुस्तकों, ऑडियो-विजुअल स्टोरीटेलिंग एवं विभिन्न आयु वर्ग के अनुरूप पठन सामग्री का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने बच्चों को प्रेरित किया कि वे सोशल मीडिया पर अनावश्यक समय व्यतीत करने के स्थान पर इन ज्ञानवर्धक डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग अपनी पढ़ने की आदत, भाषा कौशल, कल्पनाशीलता एवं रचनात्मकता विकसित करने में करें।
