कोटा। नेत्रदानी नगरी कोटा में शाइन इंडिया फाउंडेशन द्वारा संचालित पायलट प्रोजेक्ट 'मिशन सबल भारत' बच्चों के स्वास्थ्य और बेहतर भविष्य की दिशा में एक सार्थक पहल बनकर सामने आ रहा है।
इसी अभियान के तहत 15 दिन पूर्व, विज्ञान नगर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर में 200 बच्चों ने भाग लिया था उसमें से, प्रथम चरण में चिन्हित किए गए जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए।समाजसेवी राजकुमार चांदवाड़ ने बच्चों को दिये चश्मे, उज्ज्वल भविष्य के लिए किया प्रेरितचश्मा वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी राजकुमार चांदवाड़ उपस्थित रहे।
उन्होंने अपने हाथों से बच्चों को निःशुल्क चश्मे प्रदान किये ।चांदवाड़ ने कहा कि,बच्चों की आंखों में चमक और चेहरे पर मुस्कान लाने से बढ़कर कोई संतोष नहीं हो सकता।
कई बार हमारी छोटी-सी पहल किसी बच्चे के जीवन में बहुत बड़ा बदलाव ला सकती है। इन बच्चों को आज चश्मे मिले हैं, लेकिन वास्तव में उन्हें बेहतर शिक्षा, आत्मविश्वास और अपने सपनों को पूरा करने की एक नई राह मिली है।
समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को चाहिए कि वह जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए आगे आए, क्योंकि आज के स्वस्थ और शिक्षित बच्चे ही कल के सशक्त भारत का निर्माण करेंगे।बच्चों का स्वास्थ्य ही देश के भविष्य की असली पूंजी : डॉ. संगीता गौड़शाइन इंडिया फाउंडेशन की संस्था सचिव डॉ. संगीता गौड़ ने कहा कि हमारा भारत का भविष्य ये बच्चे ही हैं।
इसलिए उनका शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य, समुचित पोषण तथा सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।
एक स्वस्थ बच्चा ही पूरे आत्मविश्वास के साथ शिक्षा प्राप्त कर सकता है और अपने सपनों को साकार कर सकता है।उन्होंने बताया कि 'मिशन सबल भारत' शुरू करने का मुख्य उद्देश्य बच्चों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान करना और जरूरतमंद बच्चों को आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाना है।
संस्था का प्रयास है कि कोई भी बच्चा केवल स्वास्थ्य संबंधी छोटी-सी परेशानी के कारण अपनी पढ़ाई, प्रतिभा और भविष्य के अवसरों से वंचित न रहे।चश्मा मिलने के बाद बच्चों के चेहरों पर आई मुस्कान और उनकी खुशी कार्यक्रम का सबसे भावुक एवं प्रेरणादायक दृश्य रही।
अभिभावकों ने भी इस मानवीय पहल के लिए शाइन इंडिया फाउंडेशन और सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।संस्था की ओर से बताया गया कि 'मिशन सबल भारत' केवल स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने तक सीमित नहीं रहेगा।
चिन्हित बच्चों का नियमित फॉलोअप किया जाएगा तथा आवश्यकता के अनुसार उन्हें आगे भी स्वास्थ्य संबंधी सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।शाइन इंडिया फाउंडेशन का संकल्प है कि, हर बच्चा स्वस्थ हो, हर बच्चे की आंखों में सपने हों और उन सपनों को पूरा करने के लिए उसे समान अवसर मिलें।
