कोटा। नगर निगम चुनाव की सियासी जंग जैसे-जैसे तेज हो रही है, वार्डों में राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन भी सामने आने लगा है। वार्ड नंबर 13 में कांग्रेस प्रत्याशी फैजल बेग ने चुनावी मैदान में दमदार दस्तक देते हुए अपना चुनाव कार्यालय शुरू किया। नेहरू नगर स्थित कार्यालय का उद्घाटन कांग्रेस नेता अमित धारीवाल ने किया। उद्घाटन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय मतदाता, समर्थक और कांग्रेस कार्यकर्ता जुटे, जिससे कार्यक्रम ने शक्ति प्रदर्शन का रूप ले लिया।
अमित धारीवाल ने उपस्थित मतदाताओं को संबोधित करते हुए फैजल बेग के पक्ष में मजबूती से पैरवी की और कहा कि वार्ड के विकास को आगे बढ़ाने के लिए फैजल बेग को फिर से अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाते हुए विकास कार्यों को गति देने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में फैजल बेग के प्रति समर्थकों का उत्साह भी देखने को मिला। हुसैनी समिति से जुड़े लोगों ने फैजल बेग को केलों से तौलकर अपना समर्थन और स्वागत जताया। इसके बाद नेहरू नगर चौराहे पर भी समर्थकों ने उन्हें केलों से तौला। इस दौरान समर्थकों की नारेबाजी और स्वागत से माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में नजर आया।
भीड़ ने बढ़ाया सियासी तापमान
कार्यालय उद्घाटन में उमड़ी भीड़ ने वार्ड 13 के चुनावी समीकरणों को लेकर चर्चाओं को और तेज कर दिया है। कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थकों ने कार्यक्रम के जरिए एकजुटता और चुनावी ताकत का संदेश देने की कोशिश की। अब वार्ड 13 में चुनावी मुकाबला रोचक होता जा रहा है और आने वाले दिनों में प्रचार अभियान के साथ सियासी पारा और चढ़ने के आसार हैं।
