मुख्य सामग्री पर जाएँ
शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Kota News

मानवाधिकार कार्यकर्ता अख्तर खान अकेला ने छेड़ी मुहिम, बोले—ऐसे जांबाज हेैड कांस्टेबल राजाराम को राष्ट्रपति पुरस्कार, ब्रेवो अवॉर्ड और पदोन्नति से नवाजा जाए

के डी अब्बासी कोटा। पुलिस की वर्दी सिर्फ कानून व्यवस्था संभालने की पहचान नहीं, बल्कि जरूरत पड़ने पर दूसरों की जिंदगी बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालने का भी नाम है।

WAf𝕏TGin✉🖨
मानवाधिकार कार्यकर्ता अख्तर खान अकेला ने छेड़ी मुहिम, बोले—ऐसे जांबाज हेैड कांस्टेबल राजाराम  को राष्ट्रपति पुरस्कार, ब्रेवो अवॉर्ड और पदोन्नति से नवाजा जाए

के डी अब्बासी कोटा। पुलिस की वर्दी सिर्फ कानून व्यवस्था संभालने की पहचान नहीं, बल्कि जरूरत पड़ने पर दूसरों की जिंदगी बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालने का भी नाम है।

इसका शानदार उदाहरण कोटा के बोरखेड़ा थाने में तैनात हेड कांस्टेबल राजा राम नागर ने पेश किया है। आधी रात, घनघोर अंधेरा और नहर में तेज बहाव के बावजूद उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना पानी में छलांग लगाकर एक युवक की जिंदगी बचा ली।

अब इस अदम्य साहस और मानवता के कार्य के लिए उन्हें गैलेंट्री अवॉर्ड, राष्ट्रपति पुरस्कार, ब्रेवो अवॉर्ड और आउट ऑफ टर्न प्रमोशन दिलाने की मांग उठने लगी है।

मानवाधिकार कार्यकर्ता एवं ह्यूमन रिलीफ सोसायटी के महासचिव एडवोकेट अख्तर खान अकेला ने इस मामले में विशेष मुहिम शुरू करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों से आगे आने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों की गलतियों पर सवाल उठाना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी उनके अदम्य साहस, ईमानदारी और मानवता के कार्यों का सम्मान करना भी है।

13-14 नवंबर की दरमियानी रात दिखाई अदम्य बहादुरी घटना 13 नवंबर की रात की है। कमलजीत सिंह बरार ने बोरखेड़ा थाने में सूचना दी कि राजा सिंह बरार (36), निवासी प्रोफेसर कॉलोनी बोरखेड़ा, अपनी काले रंग की अर्टिगा कार से घर से निकले हैं और रात 12 बजे के बाद से उनका मोबाइल बंद आ रहा है। पुलिस ने कंट्रोल रूम के माध्यम से सभी थानों को सूचना भिजवाई।

14 नवंबर को रात करीब 12:20 बजे कमलजीत सिंह ने थाना अधिकारी को सूचना दी कि राजा बरार ने स्वयं को स्टील ब्रिज बोरखेड़ा क्षेत्र में होना बताया है। इस पर थाना अधिकारी ने तत्काल चेतक टीम प्रभारी हेड कांस्टेबल राजा राम नागर और ड्यूटी ऑफिसर जगदीश को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए।

पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो राजा सिंह बरार नहर में छलांग लगा चुके थे। तेज बहाव में युवक को बहता देखकर हेड कांस्टेबल राजा राम नागर ने एक पल की देरी किए बिना खुद भी नहर में छलांग लगा दी।

आधी रात का घनघोर अंधेरा, गहरा पानी और तेज बहाव जानलेवा साबित हो सकता था, लेकिन राजा राम नागर ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने कई मीटर तक पानी में बहते युवक का पीछा किया और आखिरकार थेगड़ा शिव मंदिर के पास उसे सुरक्षित बाहर निकालने में कामयाब रहे।

इसके बाद पुलिस ने युवक को प्राथमिक जांच के लिए सुधा अस्पताल पहुंचाया। आवश्यक स्वास्थ्य जांच के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। उसकी कार भी परिजनों को सौंप दी गई।

सिर्फ प्रशंसा पत्र नहीं, बड़े सम्मान के हकदार हैं राजा राम अख्तर खान अकेला का कहना है कि राजा राम नागर का यह कार्य सामान्य पुलिस ड्यूटी से कहीं बढ़कर है।

उन्होंने एक अनजान व्यक्ति की जिंदगी बचाने के लिए अपनी जान दांव पर लगा दी। ऐसे साहसिक कार्य को केवल प्रशंसा पत्र देकर औपचारिकता पूरी करना पर्याप्त नहीं है।

इस जांबाज पुलिसकर्मी को गैलेंट्री अवॉर्ड, राष्ट्रपति पुलिस पदक, ब्रेवो अवॉर्ड और नियमानुसार आउट ऑफ टर्न प्रमोशन दिलाने के लिए ठोस पहल होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि राजा राम नागर की सेवाएं भी सराहनीय रही हैं। न्यायालय में कोर्ट एलसी के रूप में काम करते हुए उन्होंने गवाहों को सुरक्षा और सहयोग उपलब्ध करवाने तथा प्रभावी पैरवी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे कई गंभीर अपराधों के मामलों में दोषियों को सजा दिलाने में मदद मिली।

लोकसभा अध्यक्ष और पुलिस के आला अधिकारी करें पहल अख्तर खान अकेला ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, कोटा शहर पुलिस अधीक्षक और राजस्थान पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से आग्रह किया है कि इस मामले में निर्धारित प्रक्रिया के तहत राज्य एवं केंद्र स्तर पर पुरस्कार की सिफारिश भेजी जाए। राजस्थान मानवाधिकार आयोग से भी इस साहसिक घटना का संज्ञान लेकर राज्य सरकार को उचित सम्मान और प्रोत्साहन के लिए अनुशंसा करने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि पुलिस की छवि को बेहतर बनाने के लिए ऐसे जांबाज जवानों का सम्मान बेहद जरूरी है। जब कोई पुलिसकर्मी अपनी जान जोखिम में डालकर किसी अनजान नागरिक को नया जीवन देता है, तो पूरा समाज उसका ऋणी हो जाता है।

राजा राम नागर ने वर्दी का मान बढ़ाया है। अब समाज, सरकार और पुलिस विभाग की जिम्मेदारी है कि उनके अदम्य साहस को ऐसा सम्मान मिले, जो दूसरे पुलिसकर्मियों के लिए भी प्रेरणा बने।