मुख्य सामग्री पर जाएँ
शनिवार, 26 सितंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Jaislmer news

मिड डे मील का औचक निरीक्षण, गुणवत्ता परखी गई

उपखण्ड अधिकारी फतेहगढ़ ने विभिन्न विद्यालयों का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने के दिए निर्देश

WAf𝕏TGin✉🖨
मिड डे मील का औचक निरीक्षण, गुणवत्ता परखी गई

         जैसलमेर। जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल के निर्देशानुसार उपखण्ड अधिकारी फतेहगढ़ भारत गुर्जर ने गुरुवार को ग्राम पंचायत फतेहगढ़ क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पीएम श्री उच्च माध्यमिक विद्यालय फतेहगढ़, बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय फतेहगढ़, प्राथमिक विद्यालय बचाये की ढाणी एवं प्राथमिक विद्यालय मुगर की ढाणी का भ्रमण कर मिड डे मील व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

        निरीक्षण के दौरान उपखण्ड अधिकारी ने विद्यार्थियों को परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता का परीक्षण किया तथा स्वच्छता, पोषण मानकों एवं खाद्य सामग्री के रख-रखाव की स्थिति का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रसोईघर की साफ-सफाई, भोजन निर्माण प्रक्रिया एवं वितरण व्यवस्था को भी परखा।

      उन्होंने संबंधित विद्यालय स्टाफ को निर्देशित किया कि मिड डे मील योजना के तहत निर्धारित मानकों की पूर्ण पालना सुनिश्चित की जाए, ताकि विद्यार्थियों को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन मिल सके। साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमित मॉनिटरिंग जारी रहेगी।

       निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों से भी संवाद कर भोजन की गुणवत्ता एवं उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली गई, जिस पर विद्यार्थियों ने संतोष व्यक्त किया। उपखण्ड अधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन को व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।