जैसलमेर । प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी खेल क्षमता प्रदर्शित करने का व्यापक अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से खेलो राजस्थान गेम्स–2026 का आयोजन किया जा रहा है।
इस आयोजन के माध्यम से प्रदेश की उभरती खेल प्रतिभाओं को अपनी प्रतिभा निखारने एवं उच्च स्तर पर पहचान स्थापित करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता में प्रदेशभर में कुल 16 खेलों को शामिल किया गया है।
इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है, जबकि विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं 15 दिसंबर 2026 से प्रारंभ होंगी।
जिला खेल अधिकारी जैसलमेर राकेश बिश्नोई ने जिले के समस्त खिलाड़ियों, युवाओं, विद्यालयों, महाविद्यालयों, खेल प्रशिक्षकों, खेल संघों एवं खेल संस्थाओं से आह्वान किया है कि वे खेलो राजस्थान गेम्स में अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करें तथा अपने क्षेत्र की प्रतिभावान खिलाड़ियों का निर्धारित समयावधि में ऑनलाइन पंजीकरण करवाएं।
उन्होंने कहा कि जैसलमेर जिले में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता है कि इन प्रतिभाओं को उचित मंच एवं अवसर उपलब्ध करवाया जाए।
खेलो राजस्थान गेम्स ऐसा ही महत्वपूर्ण मंच है, जहां जिले के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर प्रदेश स्तर पर जैसलमेर का गौरव बढ़ा सकते हैं।
ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विभिन्न चरणों में होंगी प्रतियोगिताएं जिला खेल अधिकारी ने बताया कि खेलो राजस्थान गेम्स के तहत इस बार हॉकी, शूटिंग बॉल, टेनिस बॉल क्रिकेट एवं मलखंभ सहित कुल 16 खेलों को शामिल किया गया है।
प्रतियोगिताओं का आयोजन ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्र में ग्राम पंचायत, ब्लॉक, जिला एवं राज्य स्तर पर तथा शहरी क्षेत्र में नगर पालिका, नगर परिषद, नगर निगम, जिला एवं राज्य स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
इस व्यवस्था से गांवों एवं शहरों में खेलों से जुड़े अधिकाधिक खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल सकेगा।
विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं खेल संस्थाओं से सहयोग की अपील उन्होंने विशेष रूप से ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्थानीय खेल संघों एवं खेल प्रशिक्षकों से अपील की है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में खिलाड़ियों को खेलो राजस्थान गेम्स के प्रति जागरूक करें तथा अधिकाधिक पंजीकरण करवाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ना, उनमें प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करना तथा खेलों के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना इस आयोजन का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
30 नवंबर तक करवाएं ऑनलाइन पंजीकरण खेलो राजस्थान गेम्स में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ी निर्धारित अंतिम तिथि 30 नवंबर 2026 तक आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकते हैं।
पंजीकरण के लिए विभाग द्वारा निम्न पोर्टल उपलब्ध करवाया गया है— आधिकारिक पंजीकरण पोर्टल: https://khelorajasthan.rajasthan.gov.in/KheloRajasthan/KheloRaj जिला खेल अधिकारी ने जिले के सभी पात्र खिलाड़ियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते अपना पंजीकरण सुनिश्चित करें तथा इस खेल महोत्सव में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाएं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जैसलमेर जिले के खिलाड़ी खेलो राजस्थान गेम्स में अपनी प्रतिभा, अनुशासन एवं खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले को गौरवान्वित करेंगे।