जैसलमेर । जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जैसलमेर द्वारा राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशों की पालना के तहत् भारत सरकार के 100-दिवसीय ‘‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान 2.0’’ की संकल्पना को साकार करने व नालसा आशा (जागरूकता, समर्थन, सहायता और कार्यवाही) मानक संचालन प्रक्रिया - बाल विवाह से मुक्ति की ओर अग्रसर, 2025 योजना के तहत् आमजन तक बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के विधिक प्रावधानों की जानकारी पहुँचने के उद्देश्य से अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण व जिला एवं सेशन न्यायाधीश, जैसलमेर ओमी पुरोहित के निर्देशन में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जैसलमेर ललित पुरोहित द्वारा एड़ीआर सेंटर पर बैठक आयोजित की गई।
बैठक में हिम्मतसिंह कविया, सहायक निदेशक, बाल संरक्षण अधिकारी, मुकेश कुमार व्यास, अध्यक्ष बाल कल्याण विकास समिति, जैसलमेर, दिनेश कुमार अति. जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक शिक्षा), डॉ. खींवराज सिंह, खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मानाराम बलोच, सामाजिक कार्यकर्ता सहित अधिवक्तागण ने भाग लिया।
बैठक में सचिव ने बताया कि बाल विवाह एक सामाजिक कुरीति के साथ-साथ कानूनी अपराध है, इसकी रोकथाम के लिए विधायिका द्वारा बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 पारित किया गया है, जिसके विधिक प्रावधानों के अनुसार विवाह के समय लड़के की आयु कम से कम 21 वर्ष तथा लड़की की आयु कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए।
इस अधिनियम के अनुसार बाल विवाह के लिए 02 वर्ष तक का कारावास और 01 लाख रुपए तक के जुर्माने का प्रावधान है।
इसके साथ ही उन्होंने बाल विवाह के दुष्परिणामों के बारे में भी अवगत करवाते हुए बताया कि बाल विवाह के कारण अवयस्क बच्चों का स्वास्थ्य विपरीत रूप से प्रभावित हो सकता है व उनके व्यक्तित्व का विकास अवरूद्ध हो जाता है।
उन्होंने बताया कि बाल विवाह रोकथाम व बाल विवाह पीड़ितों की सहायता हेतु नालसा आशा योजना के तहत् अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जैसलमेर की अध्यक्षता में ‘‘आशा इकाई’’ का भी गठन किया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि पुलिस विभाग की ओर से बाल विवाह रोकथाम हेतु जिला मुख्यालय जैसलमेर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जो 24 घंटे कार्यरत है व जिसके दूरभाष नंबर 02992-250747 एवं वाट्स एप नंबर 9530438715 है।
साथ ही सचिव ने बैठक में बताया की भारतीय संविधान के अनुच्छेद 23 में बलात् श्रम व अनुच्छेद 24 में बालश्रम पर पाबंदी लगाई गयी है एवं अनुच्छेद 39 राज्य सरकारों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश देता है कि बच्चों के साथ किसी भी तरह का कोई दुर्व्यवहार न हो।
उन्होंने बैठक में यह भी जानकारी साझा की कि बालश्रम (निषेध व विनियमन) अधिनियम, 1986 के विधिक प्रावधानों के अनुसार 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों से मजदूरी करवाना एवं 14 से 18 वर्ष तक की उम्र के बच्चों को जोखिम वाले कार्याें में रोजगार पर लगाने को दण्डनीय अपराध बनाया गया है।
इसके अतिरिक्त सचिव ने रालसा के निर्देशों की पालना में बाल विवाह रोकथाम के लिए संचालित विधिक सहायता हेल्पलाइन नंबर 15100 व चाइल्ड हेल्प लाइन नंबर 1098 के अधिकाधिक प्रचार करने, बैठक में दी गई जानकारी को उनके विभागों द्वारा लगाए जाने वाले जागरूकता शिविरों में प्रसारित करवाने व बच्चों को नशे व ऑनलाईन गेमिंग के दुष्प्रभावों के बारे में अवगत करवाते हुए भविष्य में कभी भी नशा नहीं करने के संबंध में Say No To Drugs] Yes to Life की प्रतिज्ञा दिलवाने का निर्देश देते हुए, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा निर्मित बाल विवाह रोकथाम की शपथ दिलवाते हुए बैठक का समापन किया।
