जैसलमेर । जिले में पंच व सरपंच के चुनाव के दौरान मतदान दिवस सोमवार को चुनाव पर्यवेक्षक श्री वासुदेव मालावत ने ग्राम पंचायत लाठी, चांदन एवं धोलिया के मतदान केंद्र का निरीक्षण कर निर्वाचन व्यवस्थाओं का जायजा लिया, साथ ही दिव्यांग मतदाताओं के लिए की गई व्हीलचेयर व्यवस्था का भी अवलोकन किया।
उन्होंने मतदान केंद्र पर उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा वहां तैनात पोलिंग पार्टी के सदस्यों से संवाद कर मतदान प्रक्रिया की तैयारियों एवं उनके लिए की गई व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेट से क्षेत्र की कानून व्यवस्था की स्थिति एवं निर्वाचन संबंधी तैयारियों की जानकारी ली।
उन्होंने निर्देश दिए कि आदर्श आचार संहिता की पूर्ण पालना सुनिश्चित करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया जाए।
साथ ही मतदाता बिना किसी भय, दबाव अथवा प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने ग्राम पंचायतों के मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने ग्राम पंचायत थईयात, हमीरा, काणोद, मोहनगढ़, मण्डाऊ, आदर्श मतदान केन्द्र बडाबाग, मोकला, सुल्ताना, मोहनगढ सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदान व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था, मतदान केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं एवं निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों से मतदान की स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि मतदान प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराई जाए। उन्होंने मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखने एवं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना करने के निर्देश भी दिए।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने विभिन्न मतदान केंद्रों का किया अवलोकन उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर नरेंद्रपाल सिंह ने ग्राम पंचायत देवडा, चेलक, नरसिंगों की ढाणी, भू, झिंझिनियाली, कुण्डा सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर निर्वाचन व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था, मतदाताओं की सुविधाओं तथा उपलब्ध मूलभूत संसाधनों का अवलोकन किया। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए मतदान प्रक्रिया को सुचारू, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपखण्ड अधिकारी ने मतदान केन्द्रों का किया निरीक्षण , देखी व्यवस्थाएं पोकरण उपखण्ड अधिकारी हीर सिंह चारण ने उपखण्ड क्षेत्र के विभिन्न मतदान केन्द्रों का भ्रमण कर निर्वाचन प्रक्रिया का जायजा लिया वहीं क्षेत्र में हो रही आदर्श आचार सहिंता की पालना का भी अवलोकन किया।
उपखण्ड अधिकारी चारण ने उजला झलारिया, बारठ का गाँव, रामदेवरा का भ्रमण कर मतदान केन्द्रों की व्यवस्था देखी। यहाँ पर मतदाता अपनी बारी से मतदान करते हुए पाए गए इसके साथ ही दिव्यांग मतदाता व्हीलचेयर का उपयोग कर सुविधा के साथ मतदान किया। उन्होंने बताया की उपखण्ड क्षेत्र में सभी मतदान केंद्र पर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन हुआ।
