जैसलमेर । पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के सफल, सुव्यवस्थित एवं निष्पक्ष संपादन के लिए जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन के लिए नियुक्त समस्त मतदान अधिकारियों एवं कार्मिकों का अंतिम प्रशिक्षण शुक्रवार, 13 नवम्बर को दो चरणों में आयोजित किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) अनुपमा जोरवाल ने बताया कि प्रशिक्षण राजकीय एस.बी.के. महाविद्यालय, बाड़मेर रोड, जैसलमेर में प्रातः 7 बजे एवं प्रातः 11 बजे आयोजित होगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रथम चरण में प्रातः 7 बजे पंचायत समिति भणियाणा, नाचना, सांकड़ा, रामदेवरा एवं राजमथाई के लिए नियुक्त सभी मतदान अधिकारियों एवं कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसी प्रकार द्वितीय चरण में प्रातः 11 बजे पंचायत समिति फतेहगढ़, जैसलमेर, मोहनगढ़, खुहड़ी एवं रामगढ़ के लिए नियुक्त सभी मतदान अधिकारियों एवं कार्मिकों का अंतिम प्रशिक्षण आयोजित होगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी संबंधित मतदान अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्देशित किया है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर प्रशिक्षण स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित अंतिम प्रशिक्षण प्राप्त करें तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित प्रक्रिया की पूर्ण जानकारी सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा प्रशिक्षण से अनधिकृत अनुपस्थिति को गंभीरता से लिया जाएगा। निर्धारित प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने वाले मतदान अधिकारियों के विरुद्ध निर्वाचन नियमों के तहत नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।