जैसलमेर । पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव–2026 के तहत चुनाव पर्यवेक्षक श्री वासुदेव मालावत ने शुक्रवार को जैसलमेर जिले की भू ग्राम पंचायत के मतदान बूथ का निरीक्षण कर निर्वाचन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मतदान केंद्र पर उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा वहां तैनात पोलिंग पार्टी के सदस्यों से संवाद कर मतदान प्रक्रिया की तैयारियों एवं उनके लिए की गई व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेट से क्षेत्र की कानून व्यवस्था की स्थिति एवं निर्वाचन संबंधी तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि आदर्श आचार संहिता की पूर्ण पालना सुनिश्चित करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया जाए। साथ ही मतदाता बिना किसी भय, दबाव अथवा प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
निरीक्षण के दौरान प्रोटोकॉल अधिकारी चंद्रवीर सिंह एवं प्रभारी वीडियोग्राफी डॉ. एन.डी. इणखिया उपस्थित रहे।
