जैसलमेर । “पेंशन बंद होने से परेशानी हो रही थी, लेकिन शिविर में आए तो समस्या का तत्काल समाधान हो गया।” यह कहना है पंचायत समिति भणियाणा के ग्राम पंचायत पदमपुरा निवासी ऊर्जाराम एवं उनकी पत्नी शायर देवी का।
विकसित भारत-जन सेवा अभियान के तहत मंगलवार को पंचायत समिति भणियाणा में आयोजित ब्लॉक स्तरीय शिविर में दंपति ने अपनी सामाजिक सुरक्षा पेंशन दिसंबर 2025 से नहीं मिलने की समस्या को लेकर प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया।
शिविर के नोडल अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी भणियाणा गोपीकिशन पालीवाल ने प्रकरण पर तत्काल संज्ञान लेते हुए पेंशन पुनः शुरू करने के निर्देश दिए। शिविर प्रभारी एवं विकास अधिकारी भणियाणा हनुमानराम ने दोनों पेंशनरों के आवश्यक दस्तावेजों एवं अभिलेखों की जांच करवाई। जांच में दस्तावेज सही पाए जाने पर दोनों की पेंशन तत्काल पुनः शुरू कर दी गई तथा उन्हें पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) भी मौके पर ही प्रदान किया गया।
कई माह से रुकी पेंशन पुनः शुरू होने और हाथों-हाथ पीपीओ मिलने पर दंपति के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। उन्होंने कहा कि शिविर में उनकी समस्या को गंभीरता से सुना गया और बिना किसी परेशानी के मौके पर ही समाधान मिल गया।
ऊर्जाराम एवं शायर देवी ने राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
