जैसलमेर पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत पंचायत समिति मोहनगढ़ के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 10 के बूथ संख्या 37 पर मतगणना के दौरान ईवीएम में तकनीकी खराबी आने के कारण परिणाम प्रदर्शित नहीं हो सका। इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी/रिटर्निंग अधिकारी द्वारा राज्य निर्वाचन आयोग को रिपोर्ट प्रस्तुत की गई थी।
आयोग के निर्देशों की पालना में पंचायत समिति मोहनगढ़ के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 10 के बूथ संख्या 37 पर पुर्न मतदान रविवार, 22 नवम्बर को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान होगा वहीं मतगणना रात्रि 9 बजे मतगणना स्थल कार्यालय रिटर्निंग अधिकारी पंचायत समिति मोहनगढ़ पर की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) अनुपमा जोरवाल ने एक आदेश जारी कर पुर्न मतदान के लिए रिटर्निंग अधिकारी पंचायत समिति मोहनगढ़ को सभी व्यवस्थाएॅं समय पर पूर्ण करने के लिए निर्देश दिए।
रिटर्निंग अधिकारी एवं अतिरिक्त आयुक्त उपनिवेशन नरेन्द्र सिंह पुरोहित ने इस संबंध में निर्वाचन क्षेत्र संख्या 10 के इण्डियन नेशनल कांग्रेस के प्रत्याशी गीता, भाजपा की प्रत्याशी टीबी एवं निर्दलीय प्रत्याशी प्रेम सिंह भाटी को पत्र प्रेषित कर पुर्न मतदान कार्यक्रम की विस्तार से जानकारी दी एवं अपने अधिकृत अभिकर्ता की नियुक्ति कर मतदान के दौरान उपस्थित होने के लिए लिखा।
उन्होंने बताया कि मतदान केन्द्र संख्या 37 शहीद राजेन्द्र सिंह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मध्य भाग मोहनगढ़ में रविवार, 22 नवम्बर को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान होगा।
उन्होंने बताया कि पुर्न मतदान के लिए सभी प्रशासनिक तैयारियां पूर्ण कर ली गई है एवं संबंधित निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं को पुर्न मतदान की जानकारी के लिए प्रचार-प्रसार भी करा लिया गया है।
उन्होंने बताया कि मतदान प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए एक्टिव एवं रिजर्व मतदान दल भी गठित कर दिये गये है एवं वे समय पर मतदान करवाने के लिए व्यवस्थाएॅं कर रहे हैं।