श्रीगंगानगर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार 10 अक्टूबर 2026 को वर्ष 2026 की आयोजित होने वाली तृतीय राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजनार्थ बुधवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री रविन्द्र कुमार (जिला एवं सेशन न्यायाधीश) की अध्यक्षता में श्रीगंगानगर की तालुकाओं रायसिंहनगर, अनूपगढ़, सूरतगढ़, करणपुर, घड़साना, सादुलशहर, पदमपुर व विजयनगर के न्यायिक अधिकारीगण के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक का आयोजन किया गया।उक्त बैठक में तालुका के समस्त न्यायिक अधिकारीगण को 10 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिकाधिक प्रकरणों को रैफर कर जरिये राजीनामा निस्तारित करने हेतु निर्देशित किया गया।
उक्त राष्ट्रीय लोक अदालत में न्यायालयों में लंबित राजीनामा योग्य आपराधिक, सिविल प्रकृति के प्रकरणों व बैंकों में ऋण बकाया संबंधी प्री-लिटिगेशन प्रकृति के प्रकरणों का जरिये राजीनामा निस्तारण करवाया जा सकेगा।
उक्त बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीगंगानगर के सचिव श्री रवि प्रकाश सुथार व श्रीगंगानगर मुख्यालय के न्यायालयों में पदस्थापित न्यायिक अधिकारीगण उपस्थित रहे।
