श्रीगंगानगर । फिट गंगानगर सोसायटी श्रीगंगानगर की ओर से 6 दिसंबर 2026 को स्वास्थ्य, फिटनेस एवं नशामुक्ति का संदेश देने के उद्देश्य से साइक्लोथान (साइकिलिंग) आयोजन किया जाएगा।
बुधवार को आयोजित बैठक में सोसायटी अध्यक्ष एवं जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव ने साइक्लोथान की जानकारी देते हुए कहा कि इसके माध्यम से आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम एवं शारीरिक गतिविधियों के प्रति जागरूक करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव ने बताया कि आयोजन में विभिन्न आयु वर्ग एवं शारीरिक क्षमता के प्रतिभागियों के लिए तीन श्रेणियां निर्धारित की गई हैं।
इनमें 42 किलोमीटर की सहनशक्ति चुनौती (एंड्योरेंस चौलेंज), 25 किलोमीटर की फिटनेस राइड तथा 10 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के प्रतिभागियों के लिए 8 से 10 किलोमीटर की मनोरंजक एवं जनसामान्य साइकिल राइड शामिल है।42 किलोमीटर की सहनशक्ति चुनौती प्रातः 6ः30 बजे प्रारंभ होगी, जिसके लिए 2 घंटे 30 मिनट का निर्धारित समय रहेगा।
वहीं 25 किलोमीटर की फिटनेस राइड प्रातः 7ः00 बजे शुरू होगी और इसे पूरा करने के लिए 1 घंटा 30 मिनट का समय निर्धारित किया गया है।
इसके अलावा 8 से 10 किलोमीटर की मनोरंजक एवं जनसामान्य राइड प्रातः 8ः15 बजे प्रारंभ होगी, जिसमें बच्चे, युवा, महिलाएं एवं आम नागरिक उत्साहपूर्वक भाग ले सकेंगे।आयोजन का प्रमुख आकर्षण सामूहिक नशामुक्ति संकल्प होगा, जिसमें सभी प्रतिभागी एक साथ हाथ उठाकर नशामुक्त जीवन जीने तथा समाज को नशे से दूर रखने का संकल्प लेंगे।
इसके माध्यम से नशे के विरुद्ध जनजागरूकता का संदेश दिया जाएगा। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी अपनी-अपनी टीमों के साथ ‘यंग चैंपियंस‘ के रूप में आयोजन में हिस्सा लेंगे।
इससे बच्चों एवं युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। जिला कलक्टर ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण करवाते हुए साइक्लोथान में भाग लेने का आह्वान किया।
इस लिंक https://fitganganagarsociety.in/cyclothon/register पर पंजीकरण शुल्क सहित करवाया जा सकता है।जिला सूचना विज्ञान अधिकारी श्री परमजीत सिंह ने पीपीटी के माध्यम से फिट गंगानगर सोसायटी और साईक्लोथान की रूपरेखा बताते हुए आयोजन की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
इस अवसर पर एडीएम सतर्कता श्री अश्विन के. पंवार, उपरजिस्ट्रार सहकारी समितियां श्री दीपक कुक्कड़, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक श्री विरेन्द्र पाल सिंह, जिला परिषद सीईओ श्री हरिराम चौहान, सीडीईओ श्री अरविन्दर सिंह, डीटीओ श्री देवानंद सहित अन्य मौजूद रहे।
