श्रीगंगानगर । भारत निर्वाचन आयोग द्वारा राज्य में 15 अक्टूबर 2026 को मतदाता सूचियों के अद्यतनीकरण के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण, 2027 कार्यक्रम घोषित किया गया था, जिसके अन्तर्गत गुरूवार को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया।
श्रीगंगानगर जिले में प्रारूप मतदाता सूची के अनुसार कुल मतदाताओं की संख्या 1493472 है, जिनमें पुरूष 781310, महिला 712108 तथा ट्रांसजेण्डर मतदाता 54 है।जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को समस्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की प्रारूप मतदाता सूची-2027 की एक सॉफ्ट कॉपी (फोटोरहित) एवं एक हार्ड कॉपी निःशुल्क संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के स्तर पर बैठक आयोजित कर उपलब्ध कराई गई।
यह सूचियाँ जिला निर्वाचन अधिकारी/मुख्य निर्वाचन अधिकारी की बेवसाइट https://election.rajasthan.gov.in/ पर भी ऑनलाइन उपलब्ध है तथा कोई भी मतदाता इस सूची मे अपना नाम ऑनलाइन सर्च कर सकता है।
इसके अतिरिक्त सभी बीएलओ के पास बूथवार प्रारूप मतदाता सूची हार्डकॉपी में भी उपलब्ध रहेगी। मतदाता अपने बीएलओे से संपर्क कर सूची मे अपने नाम की जानकारी प्राप्त कर सकते है।
इस बाबत भी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को जानकारी प्रदान की गई।आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 12 नवम्बर 2026 से 11 दिसम्बर 2026 तक दावे एवं आपत्तियाँ प्राप्त किये जायेंगे।
दावे-आपत्ति अवधि में प्राप्त होने वाले आवेदन 28 दिसम्बर 2026 तक ईआरओ द्वारा निर्णित किए जायेंगे। मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन दिनांक 4 जनवरी 2027 को होगा।
दावे-आपत्ति अवधि में प्राप्त होने वाले आवेदनों की सूची साप्ताहिक रूप से संकलित कर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यलय के बाहर चस्पा की जाएगी।
यह सूचियाँ जिला निर्वाचन अधिकारी/मुख्य निर्वाचन अधिकारी की बेवसाइट पर भी ऑनलाइन उपलब्ध रहेगी तथा ईआरओ प्रति सप्ताह मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के साथ बैठक आयोजित कर इन सूचियों को उन्हें उपलब्ध करवायेंगे।मतदाता सूची में नाम जुड़वाना, हटाना व प्रविष्टियों में संशोधन एक अनवरत प्रक्रिया है, जो सतत जारी है।
इसके लिए क्रमशः फॉर्म-6, 7 एवं 8 ईसीआई नेट/वोटर पोर्टल (https://voters.eci.gov.in/) पर जाकर ऑनलाईन अथवा संबंधित बीएलओ से सम्पर्क कर भरा जा सकता है।
इस बाबत भी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को जानकारी प्रदान की गई।मतदाता सूची में किसी प्रविष्टि के संबंध में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के निर्णय के विरूद्ध अपील लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 24 तथा निर्वाचक पंजीकरण नियम, 1960 के नियम 23 एवं 27 के अन्तर्गत प्रथम अपील जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष 15 दिवस में तथा जिला मजिस्ट्रेट के निर्णय से संतुष्ट नहीं होने की स्थिति में द्वितीय अपील मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राजस्थान को जिला मजिस्ट्रेट के निर्णय के 15 दिवस के भीतर प्रस्तुत कर सकते हैं।
