मुख्य सामग्री पर जाएँ
सोमवार, 23 नवंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Shri Ganga NagarNews

100 से अधिक व्यक्तियों के आयोजन की सूचना 03 कार्य दिवस पूर्व CPCB पोर्टल पर देना अनिवार्य

श्रीगंगानगर। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा अधिसूचित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 (Solid Waste Management

WAf𝕏TGin✉🖨

श्रीगंगानगर । पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा अधिसूचित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 (Solid Waste Management Rules, 2026) दिनांक 01 अप्रैल 2026 से प्रभावी हो चुके हैं।

उक्त नियमों के नियम 5(1)(j) के तहत किसी अनुज्ञप्ति रहित स्थल (Unlicensed Place) पर 100 से अधिक व्यक्तियों के कार्यक्रम अथवा सामूहिक आयोजन करने वाले आयोजकों को कार्यक्रम की तिथि से कम-से-कम 03 कार्य दिवस पूर्व संबंधित स्थानीय निकाय (नगर परिषद, श्रीगंगानगर) को CPCB के Centralized SWM Portal पर ऑनलाइन Event Intimation प्रस्तुत करना अनिवार्य है।

नगर परिषद आयुक्त ने बताया कि उक्त प्रावधान के तहत विवाह समारोह, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम, धार्मिक आयोजन, मेले तथा अन्य सामूहिक कार्यक्रमों के आयोजकों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ऑनलाइन सूचना प्रस्तुत करनी होगी, जहां उक्त नियम की प्रयोज्यता बनती है।

कार्यक्रम आयोजक CPCB के ऑनलाइन पोर्टल https://swmp.cpcb.gov.in/ पर जाकर Event Intimation प्रस्तुत कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन करते समय आयोजक को आवश्यक विवरण भरने के साथ पुलिस अनापत्ति प्रमाण-पत्र (Police Clearance Certificate – PCC) भी अपलोड करना होगा। आयोजकों को कार्यक्रम के दौरान उत्पन्न होने वाले कचरे का स्रोत पर पृथक्करण सुनिश्चित करना होगा।

इसके अंतर्गत निम्न चार प्रकार के अपशिष्टों को अलग-अलग एकत्रित करना अनिवार्य होगा :- 1. गीला कचरा Green Colour (Wet Waste): खाद्य पदार्थों के अवशेष, बचा हुआ भोजन, फल एवं सब्जियों के छिलके, फूल-पत्तियां तथा अन्य जैव अपघटनीय कचरा।

2. सूखा कचरा Blue Colour (Dry Waste): कागज, गत्ता, प्लास्टिक, धातु, कांच तथा अन्य पुनर्चक्रण योग्य सूखी सामग्री।

3. सैनिटरी अपशिष्ट Red Colour (Sanitary Waste): प्रयुक्त सैनिटरी नैपकिन, डायपर, टैम्पोन तथा अन्य स्वच्छता संबंधी प्रयुक्त सामग्री।

4. विशेष देखभाल अपशिष्ट Black Colour (Special Care Waste): प्रयुक्त बैटरी, बल्ब, ट्यूबलाइट, पेंट एवं रसायनों के खाली कंटेनर, एक्सपायर्ड दवाइयां तथा अन्य ऐसी सामग्री जिनके सुरक्षित एवं पृथक निस्तारण की आवश्यकता होती है।

आयोजकों द्वारा कार्यक्रम स्थल पर उपरोक्त अपशिष्टों के पृथक्करण हेतु पृथक संग्रहण व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

सभी प्रकार के कचरे को संबंधित निर्धारित एवं अधिकृत संग्रहण एजेंसी को सौंपा जाए तथा कार्यक्रम समाप्ति के पश्चात आयोजन स्थल की समुचित सफाई सुनिश्चित की जाए।

उक्त नियमों की अवहेलना करने अथवा निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप कचरे का पृथक्करण, संग्रहण एवं निस्तारण सुनिश्चित नहीं करने वाले आयोजकों के विरुद्ध प्रचलित नियमों एवं नगर परिषद की अधिसूचित उपविधियों के अनुसार जुर्माना (Spot Fine) अधिरोपित किया जा सकेगा।

इसके अतिरिक्त, नियमों के उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति (Environmental Compensation) अधिरोपित करने तथा पर्यावरण (संरक्षण) अधिनियम, 1986 के प्रावधानों के अंतर्गत भी कार्रवाई की जा सकेगी।

नगर परिषद द्वारा सभी मैरिज पैलेस संचालकों, सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं, इवेंट मैनेजमेंट एजेंसियों तथा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के प्रावधानों की पालना सुनिश्चित करें तथा स्वच्छ एवं सुंदर श्रीगंगानगर के निर्माण में सहयोग प्रदान करें।