श्रीगंगानगर। सर्वोच्च न्यायालय नई दिल्ली में रिट पिटीशन की पालना में जेल मैनुअल 2016 के अनुसार गठित बोर्ड आॅफ विजिटर द्वारा जिला एवं सेशन न्यायाधीश श्री रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को केन्द्रीय कारागृह श्रीगंगानगर का त्रैमासिक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान बोर्ड आॅफ विजिटर्स के सदस्यगण जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव श्री रवि प्रकाश सुथार, जिला कलक्टर डाॅ. अमित यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीगंगानगर श्री दीपक शर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. अजय सिंगला व कारागृह प्रशासन की ओर से श्री महावीर प्रसाद अधीक्षक उपस्थित रहे।
कारागृह का निरीक्षण अधीक्षक, श्री महावीर प्रसाद केन्द्रीय कारागृह द्वारा करवाया गया।केन्द्रीय कारागृह के निरीक्षण दौरान कारागृह में विभिन्न क्रियाकलापों में भेदभाव को मद्देनजर रखते हुए बंदियों से वार्ता की गई तो कारागृह में निरूद्ध किसी भी बंदी के साथ जातिगत सम्बंधी कोई भेदभाव नहीं होना बताया गया।
इस दौरान कारागृह में निरूद्ध बंदियों द्वारा लंगर, किचन, बागवानी, जेल परिसर की साफ-सफाई सम्बंधी कार्य समान रूप से रोटेशन के अनुसार स्वेच्छापूर्वक किया जाना बताया गया।
इस दौरान बंदियों से उनके प्रकरणों में पैरवी हेतु अधिवक्ता की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली गई तो कोई भी बंदी विधिक सहायता से वंचित नहीं पाया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एडीजे श्री सुथार द्वारा विचाराधीन बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता, जमानत, अपील आदि के बारे में जानकारी प्रदान कर जागरूक किया गया।
