मुख्य सामग्री पर जाएँ
शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Shri Ganga NagarNews

मिशन लाइफ को अपनाए पूरा विश्व राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित योगदान (एनडीसी) के साथ नागरिकों द्वारा निर्धारित योगदान (सीडीसी) को भी मिले मान्यता

संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन कॉप-31 में टीम हरित भारत ने रखा नागरिकों द्वारा निर्धारित योगदान का विचार

WAf𝕏TGin✉🖨
मिशन लाइफ को अपनाए पूरा विश्व राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित योगदान (एनडीसी) के साथ नागरिकों द्वारा निर्धारित योगदान (सीडीसी) को भी मिले मान्यता

श्रीगंगानगर। जलवायु परिवर्तन के संकट से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक और समुदाय की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है।

मिशन लाइफ के माध्यम से भारत का प्रत्येक नागरिक पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली की ओर अग्रसर हो रहा है। नागरिकों द्वारा स्वेच्छा से अपनाए जा रहे ऐसे पर्यावरण-अनुकूल संकल्प ही नागरिकों द्वारा निर्धारित योगदान (सीडीसी) हैं।

प्रत्येक देश को अपने राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित योगदान (एनडीसी) के साथ इन्हें भी प्रोत्साहित और मान्यता देनी चाहिए।यह सुझाव पर्यावरण संरक्षण गतिविधि की टीम हरित भारत की ओर से संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन कॉप-31 में प्रस्तुत किया गया।

कॉप प्रदर्शनी केंद्र में ‘जलवायु शांति के लिए हरित मार्ग: नागरिकों द्वारा निर्धारित योगदान के माध्यम से न्यायसंगत परिवर्तन’ विषय पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय संवाद में यह विचार रखा गया।इस संवाद में जलवायु कार्रवाई के लिए राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित योगदान (एनडीसी) के साथ नागरिकों द्वारा स्वयं निर्धारित योगदान (सीडीसी) की भारतीय अनुभवों पर आधारित एक नई पूरक अवधारणा प्रस्तुत की गई।

इसमें कहा गया कि जलवायु परिवर्तन से मुकाबले के लिए सरकारों की प्रतिबद्धताओं के साथ प्रत्येक व्यक्ति, परिवार, समुदाय, शैक्षणिक संस्थान और सामाजिक संगठन भी अपने स्तर पर स्वैच्छिक, स्थानीय और मापनीय पर्यावरणीय संकल्प निर्धारित करें तथा उनके क्रियान्वयन की जिम्मेदारी स्वयं लें।संवाद का संचालन करते हुए शोधकर्ता महेश कोयाना ने कहा कि विश्व को ऐसी पर्यावरणीय प्रतिबद्धताओं की ओर बढ़ना चाहिए, जिन्हें नागरिक स्वयं निर्धारित करें और अपने व्यवहार में उतारें।घर-घर तक पर्यावरण संरक्षण का संदेश: संदीप बालियानपर्यावरण संरक्षण गतिविधि के संदीप बालियान ने पर्यावरण संरक्षण में भारतीय ज्ञान परंपरा, पारंपरिक पारिस्थितिकी पद्धतियों और सामुदायिक पहलों की भूमिका पर प्रकाश डाला।

उन्होंने पर्यावरण संरक्षण गतिविधि की तीन-पी पद्धति और हरित घर अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता को घर और समुदाय के स्तर पर व्यावहारिक गतिविधियों में बदलना आवश्यक है।उन्होंने कहा कि पारंपरिक ज्ञान और स्थानीय प्रथाएं संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग, पारिस्थितिकी संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता के लिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान करती हैं।एनडीसी के साथ सीडीसी भी जरूरी: डॉ. अनिल मेहतासंवाद की शुरुआत करते हुए विद्या भवन सोसायटी, उदयपुर तथा पर्यावरण संरक्षण गतिविधि से जुड़े डॉ. अनिल मेहता ने कहा कि जलवायु परिवर्तन केवल पर्यावरण, वित्त या तकनीक से जुड़ी चुनौती नहीं है, बल्कि इसका गहरा संबंध हमारी जीवनशैली, उत्पादन और उपभोग की आदतों से भी है।

देशों द्वारा निर्धारित जलवायु लक्ष्यों की वास्तविक सफलता तभी संभव है, जब करोड़ों नागरिक और समुदाय भी इसमें सक्रिय भागीदारी निभाएं।भारत की जलवायु प्रतिबद्धताओं और नागरिक सहभागिता का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए डॉ. मेहता ने कहा कि भारत ने अपने राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित योगदान के लक्ष्यों की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है।

विशेष रूप से, देश ने जून 2025 में बिजली की कुल स्थापित क्षमता में गैर-जीवाश्म ऊर्जा स्रोतों की 50 प्रतिशत हिस्सेदारी का लक्ष्य निर्धारित समय-सीमा से पांच वर्ष पहले हासिल कर लिया।भारत का मिशन लाइफ अर्थात पर्यावरण के लिए जीवनशैली इस प्रगति को जन-अभियान का स्वरूप देता है।

इसमें नागरिक सरकार के साथ मिलकर दैनिक जीवन में ऊर्जा और जल की बचत, एकल उपयोग वाले प्लास्टिक में कमी, कचरे का पृथक्करण, पुनः उपयोग, टिकाऊ परिवहन, पौधरोपण तथा प्रकृति-अनुकूल उपभोग जैसी गतिविधियों के माध्यम से जलवायु लक्ष्यों की प्राप्ति में योगदान दे रहे हैं।डॉ. मेहता ने कहा कि नागरिकों द्वारा स्वेच्छा से अपनाई गई ये स्थानीय, व्यावहारिक और मापनीय पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली की पहल वस्तुतः नागरिकों द्वारा निर्धारित योगदान (सीडीसी) हैं।

भारत का यह अनुभव विश्व के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश है कि जलवायु प्रतिबद्धताएं तभी व्यापक जन-आंदोलन बन सकती हैं, जब सरकारों के राष्ट्रीय योगदान को नागरिकों के दैनिक जीवन में अपनाए गए नागरिक योगदान का सहयोग मिले।

भारत के इस अनुभव को वैश्विक स्तर पर अपनाया जाना चाहिए।डॉ. मेहता ने विश्व समुदाय से आग्रह किया कि राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित योगदान (एनडीसी) के साथ नागरिकों द्वारा निर्धारित योगदान (सीडीसी) को भी जलवायु कार्रवाई के पूरक और जनभागीदारी आधारित ढांचे के रूप में प्रोत्साहित किया जाए।सीडीसी की अवधारणा स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि इसके अंतर्गत व्यक्ति, परिवार, समुदाय, शैक्षणिक संस्थान और सामाजिक संगठन अपने स्थानीय पर्यावरण तथा परिस्थितियों के अनुरूप स्वैच्छिक और मापनीय संकल्प लें।

इनमें जल एवं ऊर्जा संरक्षण, कचरे में कमी, जैव विविधता की रक्षा, स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र का पुनर्जीवन और जिम्मेदार उपभोग जैसी गतिविधियां शामिल हो सकती हैं।हरित: न्यायसंगत परिवर्तन का अर्थ जीवनशैली में बदलाव भीहरित अर्थात देशज परंपराओं के पुनर्जीवन के लिए समग्र प्रयास की व्याख्या करते हुए डॉ. मेहता ने कहा कि न्यायसंगत परिवर्तन का अर्थ केवल जीवाश्म ईंधन से नवीकरणीय ऊर्जा की ओर बढ़ना नहीं होना चाहिए।

इसके साथ हमारी जीवनशैली और प्रकृति के प्रति दृष्टिकोण में भी परिवर्तन आवश्यक है।उन्होंने कहा कि यह परिवर्तन संसाधनों के अत्यधिक उपभोग से जिम्मेदार उपयोग की ओर, अनावश्यक खपत से विवेकपूर्ण उपभोग की ओर, फेंकने की संस्कृति से चक्रीय जैव-अर्थव्यवस्था की ओर तथा प्रकृति के दोहन से उसके साथ सामंजस्यपूर्ण जीवन की ओर होना चाहिए।हरित दृष्टिकोण में भारत की पारंपरिक जल संरक्षण प्रणालियों, स्थानीय कृषि एवं खाद्य परंपराओं, जैव विविधता संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता को आधुनिक विज्ञान, उपयुक्त तकनीक और प्रकृति आधारित समाधानों से जोड़ने पर जोर दिया गया।भारतीय दर्शन के सूत्र ‘तेन त्यक्तेन भुञ्जीथा’ का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि संयम का अर्थ अभाव या वंचना नहीं, बल्कि प्रकृति की सीमाओं का सम्मान करते हुए जिम्मेदारी से संसाधनों का उपयोग करना है।उन्होंने भारतीय दर्शन की ‘शाश्वतता’ की अवधारणा प्रस्तुत करते हुए कहा कि इसका आशय सभी जीवन रूपों के साथ संयम और सामंजस्य में जीना है।

इसके लिए मानव-केंद्रित दृष्टिकोण से प्रकृति-केंद्रित दृष्टिकोण की ओर बढ़ना होगा।तकनीकी नवाचार के साथ ऊर्जा परिवर्तन: डॉ. शिवा नागेंद्रभारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मद्रास के डॉ. शिवा नागेंद्र एस.एम. ने कहा कि जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए जीवनशैली में बदलाव के साथ तकनीकी नवाचार भी आवश्यक हैं।

भारत में इस दिशा में महत्वपूर्ण कार्य हो रहे हैं।उन्होंने जलवायु संबंधी चुनौतियों के समाधान के लिए वैश्विक स्तर पर ज्ञान, अनुभव और विचारों के आदान-प्रदान हेतु शैक्षणिक मंच विकसित करने पर जोर दिया।संकल्पों को धरातल पर उतारना जरूरी: संतोष गुप्ताभारतीय सामाजिक उत्तरदायित्व नेटवर्क के संतोष गुप्ता ने भारत की सांस्कृतिक और सामुदायिक पर्यावरण संरक्षण परंपराओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय दर्शन में प्रकृति को माता और ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ को जीवन का आधार माना गया है।उन्होंने पवित्र उपवनों, नदियों और वृक्षों के संरक्षण, वर्षा जल संचयन, राजस्थान के जोहड़ और बावड़ियों, सामुदायिक वनों तथा जैविक खेती जैसी परंपराओं का उल्लेख किया।माता अमृता देवी बिश्नोई का उल्लेख करते हुए उन्होंने भारतीय समाज की पर्यावरण संरक्षण के प्रति सदियों से चली आ रही प्रतिबद्धता को एक प्रेरक उदाहरण बताया।आध्यात्मिक परिवर्तन भी जरूरी: सीओन क्लार्कआध्यात्मिक विज्ञान अनुसंधान प्रतिष्ठान के सीओन क्लार्क ने कहा कि जलवायु संकट का संबंध केवल पर्यावरण से नहीं, बल्कि मानव व्यवहार, इच्छाओं, उपभोग की प्रवृत्तियों और प्रकृति के प्रति हमारे दृष्टिकोण से भी है।महर्षि अध्यात्म विश्वविद्यालय और आध्यात्मिक विज्ञान अनुसंधान प्रतिष्ठान के कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने मंत्र-जप, व्यक्तित्व दोष निर्मूलन और सात्त्विकता के विकास जैसी आध्यात्मिक प्रक्रियाओं को व्यक्ति के आंतरिक परिवर्तन का माध्यम बताया।उन्होंने कहा कि अधिक जिम्मेदार और सामंजस्यपूर्ण समाज की शुरुआत व्यक्ति के स्वयं के परिवर्तन से होती है।जलवायु कार्रवाई में युवाओं की भागीदारी: राजवर्धन जोशीबैलेरीना मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट ट्रस्ट का प्रतिनिधित्व करते हुए राजवर्धन जोशी ने कहा कि युवाओं को वैश्विक निर्णय प्रक्रिया और विकास संबंधी पहलों में महत्वपूर्ण स्थान मिलना चाहिए।युवा सहभागिता केवल चर्चा और परामर्श तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि नीति निर्माण, संस्थागत नेतृत्व और जमीनी क्रियान्वयन में भी उनकी सार्थक भागीदारी होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि भारत में युवा वर्ग पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।समाज, संस्कृति और जीवनशैली में बदलाव से ही संभव है जलवायु संरक्षणसंवाद का साझा निष्कर्ष रहा कि जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए केवल तकनीक पर्याप्त नहीं है।

इसके लिए समाज, संस्कृति, जीवनशैली और प्रकृति के प्रति मानवीय दृष्टिकोण में व्यापक बदलाव आवश्यक है।हरित दृष्टिकोण भारतीय पारंपरिक ज्ञान को आधुनिक विज्ञान, सामुदायिक कार्रवाई और प्रभावी नीतियों से जोड़ते हुए जल-समृद्ध, संसाधन आत्मनिर्भर, पारिस्थितिक रूप से सामंजस्यपूर्ण और जलवायु अनुकूल विश्व की परिकल्पना प्रस्तुत करता है।संवाद में प्रत्येक नागरिक से जलवायु कार्रवाई में सक्रिय योगदानकर्ता बनने तथा पृथ्वी माता के जिम्मेदार संरक्षक और सेवक के रूप में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।इस अंतरराष्ट्रीय संवाद में अहम बरडिया, समुद्र नाशकर, आस्था बाफना, विवेक कुमार, इलियाना सहित पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्यरत युवाओं की भी सक्रिय भागीदारी रही।