श्रीगंगानगर। पंजाबी बोली विकास समिति, राजस्थान द्वारा पंजाबी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति के प्रचार-प्रसार तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित द्वितीय कौमी हीरा सम्मान समारोह नोजगे पब्लिक स्कूल, श्रीगंगानगर में उत्साह, गरिमा एवं सांस्कृतिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ।
समारोह में शिक्षा, खेल, साहित्य, कविता, अभिनय, संगीत एवं अन्य क्षेत्रों की कुल 171 प्रतिभाओं को 10 विभिन्न श्रेणियों में बांट कर सम्मानित किया गया।
समारोह में पीएमओ डॉ. सुखपाल सिंह, डॉ. संदीप सिंह मुंडे, डॉ. परमजीत सिंह मांगट, स. अमरीक सिंह, स. राजवंत सिंह अतिथि के रूप में शिरकत की।
कार्यक्रम की शुरुआत में दिलबाग सिंह शेरदिल ने सभी आगंतुकों तथा प्रतिभाओं का स्वागत किया तथा समिति के विजन एवं मिशन की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम को पंजाबी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन का अनूठा आयोजन बताया।
समिति की ओर से समारोह की जानकारी देते हुए प्रो.कुलदीप सिंह ने बताया कि कक्षा दसवीं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले 25 विद्यार्थियों को ज्ञानी दित सिंह पुरस्कार, कक्षा दसवीं में पंजाबी विषय में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले 69 विद्यार्थियों को संत राम उदासी पुरस्कार, कक्षा बारहवीं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले 18 विद्यार्थियों को भाई कान्ह सिंह नाभा पुरस्कार तथा कक्षा बारहवीं में पंजाबी विषय में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले 22 विद्यार्थियों को नरिंदर सिंह कपानी पुरस्कार प्रदान किए गए।
इसके अतिरिक्त आईआईटी एवं नीट परीक्षाओं में चयनित विद्यार्थी को स. गुरतेज सिंह पुरस्कार, स. अवरिंदरजीत सिंह द्वारा तथा राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल करने वाले 6 खिलाड़ियों को समाजसेवी जी.पी. सिंह अरनेजा ने अपने पिता स. रणजीत सिंह की स्मृति में मिल्खा सिंह सम्मान प्रदान किया।
नव नियुक्त 10 सरकारी कर्मचारियों को एस. महिंदर सिंह रंधावा पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले 20 विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
साहित्य एवं कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए शिव कुमार बटालवी कौमी हीरा सम्मान राजिंदर सिंह सहू की तरफ से बलविंदर सिंह चाहल, दलीप कौर टिवाणा कौमी हीरा सम्मान स. स्वर्ण सिंह गिल की तरफ से डॉ. संदीप सिंह मुंडे एवं हरपाल सिंह लखियां तथा बलराज साहनी कौमी हीरा सम्मान प्रो. कुलदीप सिंह की तरफ से अमरिंदर सिंह शिल्पी को प्रदान किया गया।
शमिंद्र कौर ने मंच संचालन करते हुए महान विभूतियों के जीवन पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर पंजाबी साहित्यिक पत्रिका ‘‘पैड़ा’’ के अक्टूबर अंक का विमोचन अतिथियों द्वारा किया गया।
संपादक राजेंद्र सिंह साहू एवं सह संपादक कुलदीप सिंह के संपादन में प्रकाशित यह पत्रिका राजस्थान में पंजाबी साहित्य के प्रचार-प्रसार की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
समारोह में करमजीत कौर की पुस्तक ‘‘दिल दे सफे’’ का भी विमोचन किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान अदाकार दिशा, गगनदीप कौर, रेखा, अनुप्रीत कौर सहित अन्य कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया।
मुख्य वक्ता डॉ. परमजीत सिंह ने अपने संबोधन में पंजाबी भाषा की उत्पति, विकास, विशिष्टताओं और समृद्ध विरासत पर प्रकाश डालते हुए नई पीढ़ी से अपनी मातृभाषा के साथ जुड़े रहने का आह्वान किया।
उन्होंने पंजाबी समाज द्वारा देश के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं आर्थिक विकास में दिए जा रहे योगदान की सराहना की। स. हरभगवान सिंह द्वारा हर साल नरिंदर सिंह कपानी सम्मान और अमित भाटिया द्वारा भाई मरदाना सिंह सम्मान देने की घोषणा की।
13 खालसा फाउंडेशन की तरफ से चाय का लंगर चलाया गया। जिसमें इकबाल सिंह, चरणजीत सिंह, सन्नी सिंह, भूपेंद्र सिंह का खास योगदान रहा।
समारोह में स. गुरविंदर सिंह, स. स्वर्ण सिंह, स. अशदीप सिंह बराड़, स. गुरप्रीत सिंह, अवरिंदरजीत सिंह, हरमन सिंह, अवतार सिंह, स. दिलबाग सिंह शेरदिल, स. प्रताप सिंह, स. सतवीर सिंह, स. सुखमंदर सिंह, अमृतपाल सिंह, हरभगवान सिंह तथा जी.पी. सिंह अनेजा सहित समिति के पदाधिकारी, सदस्य, अभिभावक, शिक्षक, साहित्यकार एवं पंजाबी समाज के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
