श्रीगंगानगर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री रवि प्रकाश सुथार (अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश), श्रीगंगानगर द्वारा विश्व खाद्य दिवस पर जागरूकता हेतु 17 अक्टूबर, 2026 को आपणी कौचिंग, संस्थान श्रीगंगानगर में ’’खाद्य सुरक्षा’’ पर विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर के दौरान एडीजे श्री सुथार ने उपस्थित विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए बताया कि आज हम यहाँ विश्व खाद्य दिवस (World Food Day) के अवसर पर एक बहुत ही महत्वपूर्ण विषय पर चर्चा करने के लिए एकत्रित हुए हैं।
हर साल 16 अक्टूबर को यह दिवस मनाया जाता है ताकि हम सभी का ध्यान भूख, कुपोषण और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं की तरफ आकर्षित किया जा सके।
श्री सुथार ने विद्यार्थियों को निःशुल्क विधिक सहायता, पीड़ित प्रतिकर, निःशुल्क कानूनी सलाह के साथ ही पालना गृह के बारे में बताया कि यदि किसी को कभी गली, सड़क या झाड़ियों में कोई नवजात शिशु पड़ा हुआ मिले तो उसे तुरन्त राजकीय चिकित्सालय श्रीगंगानगर या राजकीय सम्प्रेक्षण गृह में संचालित पालना गृह में छोड़ने का प्रयास करें ताकि किसी नवजात की जिंदगी बचाई जा सके।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री अनिल कुमार ने विद्यार्थियों को बताया कि हर साल विश्व खाद्य दिवस मनाया जाता है।
आज जब हम अपने देश और दुनिया की तरफ देखते हैं, तो एक तरफ विकास और आधुनिकता की चमक दिखती है, तो दूसरी तरफ आज भी लाखों लोग ऐसे हैं जिन्हें दो वक्त की पेट भर रोटी नसीब नहीं होती।
कुपोषण के कारण छोटे बच्चों का विकास रुक जाता है, जो हमारे समाज के लिए चिंता का विषय है। मैं यह साफ तौर पर समझता हूँ कि खाद्य सुरक्षा केवल अनाज की उपलब्धता तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका संबंध समावेशी विकास और सामाजिक न्याय से है।
आज हमारे सामने सबसे बड़ी चुनौती केवल पेट भरने की नहीं, बल्कि पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण आहार सुनिश्चित करने की है। हमारे देश में खाद्यान्न का प्रचुर भंडार है, परंतु कुपोषण के आंकड़े अभी भी हमारी अंतरात्मा को झकझोर देते हैं।
इसका मुख्य कारण यह है कि पौष्टिक आहार हर नागरिक की पहुँच से दूर होता जा रहा है। इसके साथ ही, हमें जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों पर भी गंभीरता से विचार करना होगा।
अनियमित मानसून, भू-जल स्तर का गिरना और अत्यधिक रासायनिक उर्वरकों का प्रयोग हमारी उपजाऊ भूमि की उर्वरता को दीमक की तरह खा रहा है। शिविर के दौरान ही श्री अनिल ने विद्याथियों को जंकफूड, चायनीज फूड नहीं खाने की सलाह दी गई।
इसी दौरान श्री रोहताश यादव, चीफ लीगल एड डिफेन्स काउंसिल ने मोर्बाइल का प्रयोग जरूरत के अनुसार करने की सलाह दी गई तथा माननीय नालसा व रालसा की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं व हिट एण्ड रन स्कीम के बारे में जानकारी प्रदान कर जागरूक किया गया।
इस अवसर पर आपणी कोचिंग से संचालक निर्मल कुमार, पूजा, हीरा लाल सहित अन्य स्टाफ उपस्थित रहा। उक्त कार्यक्रम में मंच का संचालन श्री सुरेन्द्र सोनी द्वारा किया गया।
