मुख्य सामग्री पर जाएँ
मंगलवार, 22 सितंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Jaislmer news

जिला कलक्टर ने विभिन्न कार्यालयों का किया औचक निरीक्षण

डिस्कॉम और पीएचईडी कार्यालयों में व्यवस्थाओं का लिया जायजा, जनसेवाओं में तत्परता के दिए निर्देश ’विद्युत शिकायतों के त्वरित निस्तारण एवं शहर-गांव में सुचारू जलापूर्ति पर विशेष जोर

WAf𝕏TGin🖨
जिला कलक्टर ने विभिन्न कार्यालयों का किया औचक निरीक्षण

जैसलमेर । आमजन को सरकारी सेवाओं का त्वरित एवं सुगम लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने मंगलवार को डिस्कॉम एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कार्मिकों की उपस्थिति, कार्यालयीन व्यवस्थाओं, शिकायत निस्तारण व्यवस्था तथा आमजन से सीधे जुड़े कार्यों की प्रगति का मौके पर जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डिस्कॉम में शिकायत केन्द्र की व्यवस्थाओं को परखा जिला कलक्टर जोरवाल ने कार्यालय अधीक्षण अभियंता (पवस), डिस्कॉम, जैसलमेर का आकस्मिक निरीक्षण कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच की। उन्होंने विभिन्न अनुभागों में संचालित कार्यों एवं उनकी प्रगति की जानकारी ली।

उन्होंने कंट्रोल रूम एवं शिकायत केन्द्र का निरीक्षण कर विद्युत उपभोक्ताओं से प्राप्त शिकायतों एवं शिकायत पंजिका का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए।

जिला कलक्टर ने बीएफएल, विजिलेंस, तकनीकी, मेटेरियल, वर्क्स, राजस्व/बिलिंग एवं सामान्य शिकायत अनुभाग सहित विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कार्यों की प्रगति, लंबित प्रकरणों एवं समस्याओं की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

उन्होंने कार्यालय परिसर एवं सभी अनुभागों में साफ-सफाई बनाए रखने, दस्तावेजों एवं मेटेरियल को व्यवस्थित रखने तथा कार्यालयीन कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग आमजन की दैनिक आवश्यकताओं से सीधे जुड़ा है, इसलिए उपभोक्ता सेवाओं में तत्परता, संवेदनशीलता एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।

पीएचईडी कार्यालय में जलापूर्ति व्यवस्था की ली जानकारी जिला कलक्टर ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिशाषी अभियंता नगर खंड एवं सहायक अभियंता कार्यालय का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने उपस्थिति पंजिका की जांच की, जिसमें सभी कार्मिक उपस्थित पाए गए।

उन्होंने हेल्पलाइन व्यवस्था की जानकारी लेते हुए प्राप्त शिकायतों एवं उनके निस्तारण की स्थिति पर चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि हेल्पलाइन नम्बर निरंतर चालू रहे और प्राप्त शिकायतों का प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान किया जाए।

जिला कलक्टर ने विभिन्न कार्मिकों की डेस्क का निरीक्षण कर उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। साथ ही सहायक अभियंता कार्यालय ग्रामीण एवं खंडीय भंडार से संबंधित व्यवस्थाओं की भी जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहरी क्षेत्र में जलापूर्ति व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के साथ सप्लाई के अंतराल को नियमित किया जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में बंद नलकूपों एवं हैंडपंपों को चिन्हित कर उन्हें प्राथमिकता से समयबद्ध रूप से चालू करवाया जाए, ताकि ग्रामीणों को पेयजल के लिए परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान अधिशाषी अभियंता अशोक कुमार उपस्थित रहे तथा उन्होंने जिला कलक्टर को विभागीय कार्यालय एवं विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली एवं व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

जनसेवा में जवाबदेही और तत्परता सर्वाेच्च प्राथमिकता जिला कलक्टर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सरकारी कार्यालयों में अनुशासन, कार्यकुशलता और जनसेवा की भावना सर्वाेच्च प्राथमिकता पर रहे। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि उसका वास्तविक लाभ संबंधित व्यक्ति तक समय पर पहुंचे।

उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने विभागों की कार्यप्रणाली की प्रभावी मॉनिटरिंग करने तथा शिकायतों एवं लंबित प्रकरणों का नियमानुसार निर्धारित समयावधि में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।