मुख्य सामग्री पर जाएँ
रविवार, 22 नवंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Udaipur News

ईश्वर के लिए बाहरी आडंबर नहीं, निष्कपट प्रेम जरूरी: प्रशांत अग्रवाल

अपनों से अपनी बात’ कथा में शिव भक्ति, चंद्रमा की तपस्या, ब्राह्मणी की सेवा और भक्त कण्णप्प के समर्पण प्रसंगों से दिया जीवन मूल्यों का संदेश

WAf𝕏TGin✉🖨
ईश्वर के लिए बाहरी आडंबर नहीं, निष्कपट प्रेम जरूरी: प्रशांत अग्रवाल

उदयपुर। नारायण सेवा संस्थान के सेवातीर्थ स्थित वर्ल्ड ऑफ ह्यूमैनिटी परिसर में संस्थान अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल के सानिध्य में आयोजित ‘अपनों से अपनी बात’ कथा में भगवान शिव की महिमा और उनके भक्तों के प्रेरक प्रसंगों का वर्णन किया गया।

अग्रवाल ने कहा कि ईश्वर की प्राप्ति के लिए बाहरी आडंबर नहीं, बल्कि मन की पवित्रता और निष्कपट प्रेम जरूरी है। सच्ची भक्ति वही है, जिसमें अहंकार के बजाय सेवा, समर्पण और करुणा का भाव हो। भगवान शिव की कथाएं जीवन में आत्म स्वीकृति, विश्वास और परोपकार की प्रेरणा देती हैं।

चंद्रमा की कथा में बताया गया कि राजा दक्ष के श्राप से उनकी कलाएं क्षीण होने लगीं। अपनी भूल स्वीकार कर उन्होंने प्रभास क्षेत्र में भगवान शिव की कठोर तपस्या और महामृत्युंजय मंत्र का जाप किया। प्रसन्न होकर शिव ने उन्हें कृष्ण पक्ष में घटने और शुक्ल पक्ष में बढ़ने का वरदान दिया तथा अपने मस्तक पर स्थान दिया। इसीलिए वे चंद्रशेखर और चंद्रमौली कहलाए। यह प्रसंग भूल स्वीकार कर आत्म सुधार करने की सीख देता है।

प्रदोष व्रत की कथा में एक निर्धन ब्राह्मणी के निःस्वार्थ सेवाभाव का उल्लेख हुआ। अभावों के बावजूद उसने माता-पिता को खो चुके विदर्भ के राजकुमार धर्मगुप्त को पुत्रवत पाला। शांडिल्य ऋषि के मार्गदर्शन में प्रदोष व्रत करने पर शिवकृपा से धर्मगुप्त को पुनः राज्य प्राप्त हुआ। राजा बनने पर उसने ब्राह्मणी को माता का सम्मान दिया।

दक्षिण भारत के शिवभक्त कण्णप्प नयनार की कथा में अनन्य समर्पण का वर्णन किया गया। शिकारी थिन्नन ने शिवलिंग की आंख से रक्त बहता देख अपनी आंख अर्पित कर दी और दूसरी आंख भी अर्पित करने को तत्पर हो गया।

उसकी निष्कपट भक्ति से प्रसन्न होकर भगवान शिव प्रकट हुए और उसे अपना परम भक्त स्वीकार किया। यह प्रसंग बताता है कि ईश्वर के लिए पूजा के बाहरी विधान से अधिक भक्त का सच्चा भाव महत्वपूर्ण है।

इस दौरान देश भर से आए दिव्यांग बंधु बहिन और उनके परिजनों ने कथा का रसास्वादन किया।