उदयपुर। उदयपुर की तकनीकी उद्यमिता ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए शहर का गौरव बढ़ाया है।
निमो लैब्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक नितिन पुरोहित रोम, इटली में आयोजित भारतदृइटली व्यापार एवं नवाचार मंच में भारतीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में शामिल हुए।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने किया।
इस प्रतिनिधिमंडल में देश के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े करीब 80 उद्योग प्रतिनिधि एवं उद्यमी शामिल रहे, जिनमें 12 नवाचार आधारित उद्यम भी थे।मंच पर वाहन उद्योग एवं उसके कलपुर्जों, औद्योगिक मशीनरी, कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, औषधि उद्योग, रसायन, नवीकरणीय ऊर्जा तथा आधुनिक तकनीक सहित कई क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ।
विशेष रूप से औद्योगिक मशीनरी से जुड़े सत्र में स्वचालन, तकनीकी हस्तांतरण और साझेदारी के नए अवसरों पर जोर दिया गया।
दोनों देशों ने वर्ष 2029 तक द्विपक्षीय व्यापार को 20 अरब यूरो तक पहुंचाने के साझा लक्ष्य को भी दोहराया।उदयपुर स्थित निमो लैब्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड शैक्षणिक रोबोटिक्स एवं औद्योगिक स्वचालन के क्षेत्र में कार्यरत है।
कंपनी रोबोटिक्स और स्वचालन से जुड़ी तकनीकों के विकास तथा प्रशिक्षण के क्षेत्र में सक्रिय है।
ऐसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच पर कंपनी के निदेशक की सहभागिता से भारतीय तकनीकी उद्यमों के लिए वैश्विक संवाद, व्यावसायिक सहयोग और नए अवसरों के द्वार खुलने की संभावनाएं मजबूत हुई हैं।नितिन पुरोहित की इस सहभागिता को उदयपुर के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
यह सहभागिता दर्शाती है कि उदयपुर जैसे उभरते शहरों के तकनीकी उद्यम भी वैश्विक व्यापार, नवाचार और औद्योगिक सहयोग के महत्वपूर्ण मंचों पर अपनी पहचान स्थापित कर रहे हैं।रोम में आयोजित भारतदृइटली व्यापार एवं नवाचार मंच की महत्वपूर्ण बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में नितिन पुरोहित ने अपने विचार साझा किए।
इस बैठक में भारत सरकार के केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल तथा इटली के उप प्रधानमंत्री एंटोनिओ तजानी सहित दोनों देशों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी रही।बैठक में नितिन पुरोहित ने कहा कि भारत सरकार के सहयोग और प्रोत्साहन से अब टियर-2 शहरों में भी रोबोटिक्स एवं आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में कार्य करने की संभावनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
उन्होंने भारत के छोटे शहरों में तकनीकी विकास, नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में हो रहे प्रयासों को रेखांकित करते हुए इटली के नवाचार एवं रोबोटिक्स उद्योग के साथ सहयोग और साझेदारी की इच्छा जताई।उन्होंने विश्वास जताया कि भारत और इटली के बीच तकनीकी सहयोग, नवाचार तथा रोबोटिक्स क्षेत्र में साझेदारी से नए अवसर सृजित होंगे और छोटे शहरों के प्रतिभाशाली युवाओं को भी वैश्विक तकनीकी क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलेगा।
