उदयपुर। देवेन्द्र धाम स्थित महावीर समवशरण में शुक्रवार (20 नवंबर) को आयोजित धर्मसभा में भगवान पार्श्वनाथ का सामूहिक जाप किया गया एवं उनके समत्व योग की व्याख्या की गई।धर्मसभा को संबोधित करते हुए प्रवर्तक डॉ. राजेन्द्र मुनि ने कहा कि भगवान पार्श्वनाथ का जीवन राग, द्वेष और कषाय से मुक्त रहा है।
ऐसी महान आत्माओं का जीवन जन-जन को संदेश प्रदान करता है।
उनके मन के रोम-रोम में समत्व भाव इस कदर समाया हुआ था कि उन्हें मित्र और शत्रु समान भाव से नजर आते थे।उन्होंने कमठ तापस का प्रसंग सुनाते हुए कहा कि जब कमठ की हवन धूनी में लकड़ी के भीतर नाग-नागिन का जोड़ा जल रहा था, तब भगवान पार्श्वनाथ ने अपने अवधिज्ञान से जानकर उनकी रक्षा की।
इससे कमठ स्वयं को अपमानित महसूस करने लगा और मृत्यु के पश्चात भी वैर भाव के चलते उसने पार्श्वनाथ को अनेक कष्ट दिए। दूसरी ओर, नाग-नागिन देव बनकर उनकी रक्षा करने को तत्पर रहे।
इस विषम परिस्थिति में भी प्रभु पार्श्वनाथ ने दोनों के प्रति शुभ भाव ही रखे।प्रवर्तक डॉ. राजेन्द्र मुनि ने आगे कहा कि तीर्थंकर पार्श्वनाथ और भगवान महावीर आदि की पावन परंपरा हमें जीवन में धर्म को धारण करने की प्रेरणा देती है।
सत्य, अहिंसा, अचौर्य, ब्रह्मचर्य, अपरिग्रह, क्षमा, शाकाहार, विनय, तप और जप को अंगीकार किए बिना मोक्ष की प्राप्ति संभव नहीं है। जो जैन धर्मावलंबी महावीर के अनुयायी हैं, वे उनके सिद्धांतों को जीवन में आत्मसात करें, तभी जैनत्व सार्थक होगा।
कार्यक्रम के दौरान समाज की ओर से सूरत, पूना और लुधियाना से पधारे अतिथियों का अभिनंदन किया गया।
