उदयपुर। फेडरेशन ऑफ राजस्थान ट्रेड एंड इंडस्ट्री (फोर्टी) वीमेन विंग, उदयपुर का भव्य पदस्थापना समारोह एक निजी होटल में उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। उद्यमिता, महिला नेतृत्व और युवा शक्ति को समर्पित इस समारोह की अध्यक्षता फोर्टी महिला विंग जयपुर की नीलम मित्तल ने की, साथ ही कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
मुख्य अतिथि बी.यंग. की संस्थापक साक्षी सोनी ने अपने उद्यमशीलता के अनुभव साझा करते हुए कहा कि “बिजनेस केवल बड़ा सोचने से नहीं बनता, बल्कि अच्छे और बुरे, हर दौर में समान ताकत और विश्वास के साथ खड़े रहने से बनता है।” उन्होंने बताया कि निरंतर मेहनत, दूरदृष्टि और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने उदयपुर जैसे टियर-2 शहर से शुरुआत कर लगभग 200 करोड़ रुपये का व्यवसाय खड़ा किया है।
उनकी प्रेरणादायक यात्रा ने महिला उद्यमियों को बड़े लक्ष्य तय करने का संदेश दिया।
फोर्टी वीमेन विंग की अध्यक्ष डॉ. हर्षा कुमावत ने संगठन की आगामी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि ‘Welcome to Udaipur’ ब्रोशर का विमोचन फोर्टी की एक विशेष पहल है।
इसका उद्देश्य उदयपुर के स्थानीय व्यवसायों, उद्यमियों और पर्यटन क्षेत्र को आकर्षक स्वरूप में प्रस्तुत कर शहर की व्यावसायिक पहचान को व्यापक स्तर पर पहुंचाना है।
इस ब्रोशर की विस्तृत रूपरेखा पूर्वाई सिंघल ने प्रस्तुत की। डॉ. कुमावत ने घोषणा की कि नई पीढ़ी को नेतृत्व से जोड़ने के लिए फोर्टी जल्द ही ‘यूथ विंग’ की शुरुआत भी करने जा रहा है।
फोर्टी राजस्थान चैप्टर्स के अध्यक्ष प्रवीण सुथार ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि “उदयपुर की महिला उद्यमियों में असीम ऊर्जा और नवाचार की क्षमता है।
फोर्टी का उद्देश्य केवल व्यापारिक हितों की रक्षा करना ही नहीं, बल्कि महिला और युवा उद्यमियों को ऐसा सशक्त मंच प्रदान करना है, जहां वे नेटवर्किंग और आपसी सहयोग से अपने व्यवसाय को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर तक ले जा सकें।
'Welcome to Udaipur' ब्रोशर और आगामी यूथ विंग इसी दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे।”
सचिव आर्किटेक्ट सौम्या लूथरा ने बिजनेस की प्रगति के लिए नेटवर्किंग, आपसी सहयोग और रेफरल की महत्ता पर जोर देते हुए सभी अतिथियों एवं सदस्यों का आभार जताया। मंच का कुशल संचालन शिबा अरोड़ा एवं पारुल पोरवाल ने किया।
इस अवसर पर अनिल छाजेड़, मुकेश माधवानी, हसीना चक्कीवाला, उदयपुर कॉर्डिनेटर राजकुमारी गोयल सहित शहर के अनेक गणमान्य अतिथि एवं बड़ी संख्या में महिला उद्यमी उपस्थित रहीं। समारोह का शुभारंभ शिखा सिंघल के स्वागत उद्बोधन से हुआ, जिसमें उन्होंने अतिथियों का अभिनंदन करते हुए वीमेन विंग के उद्देश्यों और भावी गतिविधियों पर प्रकाश डाला।
