उदयपुर। "संस्कृत को केवल ग्रन्थों या कक्षाओं की चारदीवारी तक सीमित रखने के बजाय परिवारों के सहज संवाद और दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना होगा; जब माताएं घर में संस्कृत के छोटे-छोटे प्रयोग शुरू करेंगी, तभी नई पीढ़ी अपनी जड़ों और ज्ञान परम्परा से जुड़ पाएगी।"
यह संदेश संस्कृतभारती की अखिल भारतीय उपाध्यक्ष श्रीमती अमृता पृथ्वी ने शुक्रवार को उदयपुर प्रवास के दौरान महिला समन्वय बैठक में दिया।
सायंकाल शिवाजी नगर स्थित संघ कार्यालय में आयोजित महिला समन्वय बैठक में अमृता पृथ्वी ने कहा कि संस्कृत में ज्ञान का विशाल भंडार समाहित है।
उन्होंने उल्लेख किया कि जर्मनी के 14 संस्कृत विश्वविद्यालयों में हो रहे शोध नई दिशा दे रहे हैं और अमेरिका के विभिन्न महाविद्यालयों में संस्कृत शिक्षण पर हो रहे अनुसंधानों से विविध समाधान तलाशे जा रहे हैं।
यहां तक कि नासा भी यह मान चुका है कि आधुनिक विज्ञान का उपलब्ध ज्ञान संस्कृत के साहित्य में निहित है।
उन्होंने कहा कि परिवार संस्कारों की प्रथम पाठशाला और माता बालक की प्रथम गुरु है। मातृशक्ति के सहयोग से परिवारों में अंग्रेजी व स्थानीय भाषा के साथ संस्कृत को भी व्यवहार में लाया जा सकता है। बैठक में सरल संस्कृत संभाषण, श्लोकपाठ, सुभाषित, बाल संस्कार केन्द्र व गीता शिक्षण केन्द्र बढ़ाने तथा आगामी जनगणना में मातृभाषा के रूप में संस्कृत के चयन के लिए जनजागरण का संकल्प लिया गया।
संस्कृतभारती की अखिल भारतीय उपाध्यक्ष श्रीमती अमृता पृथ्वी सहित क्षेत्र संगठन मंत्री कमल भी प्रवास पर रहे। संस्कृतभारती, उदयपुर विभाग के तत्वावधान में इस दौरान आयोजित विभिन्न सत्रों में भारतीय ज्ञान परम्परा, आयुर्वेद, मातृशक्ति की भूमिका और संगठन विस्तार को लेकर संवाद व मंथन हुआ।
प्रवास के प्रथम चरण में प्रातः 10:30 बजे अम्बामाता स्थित आयुर्वेद महाविद्यालय में 'आयुर्वेद एवं संस्कृत के पारस्परिक संबंध व भारतीय ज्ञान परम्परा' विषय पर विद्यार्थियों के साथ संवाद हुआ।
वक्ताओं ने कहा कि चरकसंहिता, सुश्रुतसंहिता और अष्टाङ्गहृदयम् जैसे मूल आयुर्वेदिक ग्रन्थों की गहराई को समझने के लिए संस्कृत का ज्ञान अत्यंत आवश्यक है।
विद्यार्थियों को आह्वान किया गया कि वे व्यावसायिक शिक्षा के साथ-साथ सरल संस्कृत सम्भाषण को दैनिक व्यवहार में अपनाएं।
इस दौरान प्राचार्य अशोक शर्मा, कार्यक्रम समन्वयक प्रो. कमलेश शर्मा, महिला समन्वय संयोजक प्रो. किशोरीलाल शर्मा तथा संस्कृतभारती के डॉ. रेनू पालीवाल, डॉ. दुर्गा कुमावत, संजय शांडिल्य, दुष्यंत नागदा, गौरव साहू एवं श्रीयांश कंसारा उपस्थित रहे।
समाज के हर वर्ग व अंचल तक पहुंचेगी भाषा : कमल —शाम को हुई संगठन की विभाग बैठक में क्षेत्र संगठन मंत्री कमल ने कहा कि संस्कृतभारती का उद्देश्य केवल भाषा सिखाना नहीं, बल्कि संस्कृत के माध्यम से सांस्कृतिक चेतना, नैतिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकात्मता को मजबूत करना है।
उन्होंने संभाषण शिविरों, साप्ताहिक मिलन केन्द्रों तथा ग्रामीण व जनजातीय क्षेत्रों में कार्य विस्तार के लिए कार्यकर्ताओं की आत्मीयता, नियमितता और स्वैच्छिक सहभागिता पर जोर दिया।
उन्होंने संदेश दिया कि संस्कृत का वास्तविक संरक्षण तब होगा, जब 'पठतु संस्कृतम्, वदतु संस्कृतम्, लिखतु संस्कृतम्' के भाव के साथ यह भाषा समाज के अंतिम व्यक्ति और ग्रामीण-जनजातीय अंचलों तक सहज व्यवहार में उतरेगी।
अंत में उदयपुर विभाग ने समाज के सहयोग से संस्कृतमय वातावरण बनाने का संकल्प दोहराया।
संस्कृत भारती के अखिल भारतीय व राजस्थान के पदाधिकारी प्रवास पर शैक्षिक बैठक आदि के साथ नौलखा महल और प्रताप गौरव केंद्र देख भारत की महिमा गरिमा और सांस्कृतिक विरासत को देख अभीभूत हुए।
इस अवसर पर डॉ रेनू पालीवाल, डॉ दुर्गा कुमावत, मीनाक्षी द्विवेदी, सुनीता कंवर, धरा गुप्ता, कुसुम बोर्डिया, डॉ रेखा महात्मा, संजय शांडिल्य, दुष्यंत नागदा, डॉ यज्ञ आमेटा, नरेंद्र शर्मा, सत्यप्रिय, डॉ कुलदीप जोशी, गौरव साहू, श्रीयांश कंसारा आदि विभिन्न महिला एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
