श्रीगंगानगर,दीपावली नजदीक है, लेकिन पुरानी आबादी के वार्ड नंबर 12 में सड़कों की बदहाल स्थिति स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। एलएनटी (L&T) द्वारा सड़क निर्माण एवं अन्य कार्यों के दौरान खोदे गए गड्ढे लंबे समय से खुले और क्षतिग्रस्त हालत में पड़े हैं। इस समस्या को लेकर वार्ड पार्षद बंटी वाल्मीकि ने मोर्चा खोलते हुए कंपनी के अधिकारियों को सड़कों की स्थिति सुधारने की चेतावनी दी है।
मंगलवार को पार्षद बंटी वाल्मीकि ने एलएनटी के पुरानी आबादी प्रभारी कुमार स्वामी को मौके पर बुलाया और पूरे वार्ड में विभिन्न स्थानों पर सड़कों की बदहाली दिखाई। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों के दौरान अलग-अलग समय पर सड़कों को खोदकर किए गए कार्यों के बाद उचित मरम्मत नहीं की गई। कई स्थानों पर पिछले एक साल से गड्ढे इसी स्थिति में पड़े हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों को बार-बार शिकायत करने के बावजूद गड्ढों पर सीसी पैचवर्क नहीं कराया गया।
मौके पर मौजूद प्रभारी कुमार स्वामी, फुरकान खान और अमित खान को पार्षद ने स्पष्ट चेतावनी दी कि दीपावली से पहले सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराई जाए और एलएनटी द्वारा खोदे गए गड्ढों को सीसी पैचवर्क के माध्यम से दुरुस्त किया जाए।
दीपावली तक समाधान नहीं तो होगा बड़ा आंदोलन
बंटी वाल्मीकि ने कहा कि त्योहार के समय भी यदि वार्डवासियों को टूटी सड़कों और गड्ढों की समस्या से जूझना पड़ा तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय में सड़कें दुरुस्त नहीं होने पर वार्डवासियों को साथ लेकर एलएनटी और आरयूआईडीपी के खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन की स्थिति में इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन और अधिकारियों की होगी।
पार्षद ने मांग की कि त्योहार से पहले वार्ड की सभी क्षतिग्रस्त सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराया जाए, ताकि आमजन को आवागमन में राहत मिल सके।
