मुख्य सामग्री पर जाएँ
शुक्रवार, 18 सितंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Jaislmer news

नाचना में आयोजित हुआ रक्तदान शिविर

61 रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक किया स्वैच्छिक रक्तदान मानव सेवा और सामाजिक सरोकार की पेश की मिसाल

61 रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक किया स्वैच्छिक रक्तदान मानव सेवा और सामाजिक सरोकार की पेश की मिसाल

WAf𝕏TGin🖨
नाचना में आयोजित हुआ रक्तदान शिविर

जैसलमेर । राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में 17 सितंबर से प्रारम्भ हुए विकसित भारत-जन सेवा अभियान-2026 का शुभारम्भ जनसेवा एवं सामाजिक सरोकार की भावना से ओतप्रोत स्वैच्छिक रक्तदान शिविर के साथ हुआ। अभियान के तहत चिकित्सा विभाग के तत्वावधान में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नाचना में आयोजित रक्तदान शिविर में क्षेत्रवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। शिविर में 61 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान कर मानव सेवा का परिचय दिया।

रक्तदान कर दिया मानव सेवा का संदेश जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल के निर्देशों की पालना में आयोजित इस शिविर में नाचना एवं आसपास के क्षेत्र के युवाओं, आमजन तथा समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। रक्तदाताओं ने स्वयं आगे आकर रक्तदान किया एवं अन्य लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित किया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मुरलीधर सोनी ने शिविर का फीता काटकर शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का एक महत्वपूर्ण और पुनीत कार्य है।

हमारे द्वारा दिया गया रक्त किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवन बचाने का माध्यम बन सकता है। दुर्घटना, गंभीर बीमारी, प्रसव अथवा अन्य चिकित्सा परिस्थितियों में मरीजों को रक्त की आवश्यकता पड़ती है।

ऐसे समय में स्वैच्छिक रक्तदाताओं द्वारा उपलब्ध कराया गया रक्त अत्यंत उपयोगी साबित होता है।

उन्होंने कहा कि रक्तदान को लेकर समाज में जागरूकता और जनभागीदारी बढ़ाना समय की आवश्यकता है। युवाओं में सेवा एवं सहयोग की भावना समाज को मजबूती प्रदान करती है। उन्होंने आमजन एवं युवाओं से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान कर मानव सेवा में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

विकसित भारत की भावना को मजबूत करती जनभागीदारी डॉ. सोनी ने कहा कि विकसित भारत-जन सेवा अभियान का उद्देश्य जनसेवा, सामाजिक सरोकार और सुशासन की भावना को सुदृढ़ करते हुए आमजन तक जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पहुंचाना है। नाचना में अभियान के शुभारम्भ अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर ने जनभागीदारी के माध्यम से सेवा की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया है।

उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी से ही जनसेवा के प्रयास व्यापक रूप ले सकते हैं। रक्तदान जैसे कार्यों से न केवल जरूरतमंदों को जीवनदायी सहायता मिलती है, बल्कि समाज में परस्पर सहयोग, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना भी मजबूत होती है।

61 रक्तदाताओं का किया आभार व्यक्त शिविर में 61 स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने रक्तदान कर सामाजिक सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका यह योगदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने रक्तदान के लिए आगे आए सभी युवाओं एवं क्षेत्रवासियों को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

चिकित्सा टीम एवं समाजसेवियों ने निभाई सक्रिय भूमिका रक्तदान शिविर के सफल आयोजन में चिकित्सा विभाग की टीम के साथ क्षेत्र के समाजसेवियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सक्रिय सहयोग दिया। शिविर में समाजसेवी खुशाल सोनी, तुलछ सिंह, राधेश्याम, उम्मेदाराम, नग सिंह, लीलाधर सुथार एवं महिपाल सोनी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

सीएचसी नाचना के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. रवि सांखला, डॉ. अशोक, डॉ. वीरेंद्र, डॉ. रविंद्र यादव, दिनेश कुमार जांगिड़, राजेंद्र आचार्य, विकास आचार्य एवं नितेश आचार्य सहित चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के कार्मिकों ने शिविर के सफल आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई।

शिविर के दौरान रक्तदाताओं को रक्तदान के महत्व एवं उपयोगिता की जानकारी दी गई एवं उन्हें भविष्य में भी स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया। शिविर ने नाचना क्षेत्र में जनसेवा से विकसित भारत की भावना को मजबूत करते हुए सामाजिक सहभागिता का प्रेरणादायी संदेश दिया।