श्रीगंगानगर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देशानुसार बच्चों को उनके अधिकारों, व्यक्तिगण सुरक्षा, आॅनलाईन सुरक्षा, रिपोर्टिंग तंत्र, निःशुल्क विधिक सहायता एवं बाल संरक्षण तक पहुंच के बारे में शुक्रवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सभागार में जिला मुख्यालय के चयनित विद्यालयों के अध्यापकों को “सुरक्षित बचपन” विषय पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
विशिष्ट न्यायाधीश श्री योगेश जोशी की उपस्थिति में मां सरस्वती की प्रतिमा के आगे दीप प्रज्जवलित किया गया।
इस अवसर पर श्री रवि प्रकाश सुथार, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, श्री अरविन्द्र सिंह मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, श्री रोहताश यादव चीफ लीगल डिफेंस काउंसिल, श्री भुवनेश शर्मा, सदस्य स्थाई लोक अदालत एवं अध्यापकगण उपस्थित रहे।प्रशिक्षण के शुरूआती चरण में एडीजे श्री सुथार द्वारा सम्मानित प्रशिक्षकों एवं उपस्थितजन का स्वागत किया गया।
इस दौरान नालसा चाइल्ड फ्रेंडली लीगल सर्विसेज फाॅर चिल्ड्रन स्कीम 2024, बच्चों के अधिकार, निःशुल्क विधिक सहायता तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।प्रशिक्षण के प्रथम चरण में विशिष्ट न्यायाधीश श्री योगेश जोशी, पोक्सो एक्ट सं. 01, श्रीगंगानगर द्वारा उपस्थित अध्यापकगण को सम्बोधित करते हुए लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 के तहत शिक्षकों को उनकी जिम्मेदारी, अनिवार्य रिपोर्टिंग एवं पीड़ित बच्चे के प्रति संवेदनशील व्यवहार से सम्बंधित तथ्यों एवं अधिनियम के प्रावधानों की विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।इसी प्रकार द्वितीय सत्र के दौरान मनोरोग चिकित्सक डाॅ. अशोक अरोड़ा द्वारा बच्चों पर लैंगिक अपराध घटित होने की स्थिति में उत्पन्न मानसिक आघात की पहचान, बच्चे के व्यवहार में बदलाव एवं बच्चे के भय एवं तनाव की स्थिति में शिक्षक की भूमिका तथा उपरोक्त परिस्थितियों में मानसिक सम्बल प्रदान करने के उपायों के बारे में जानकारी प्रदान की गई।
तृतीय सत्र के दौरान साईबर पुलिस थाना से उपस्थित श्री प्रदीप सोनी, सूचना सहायक द्वारा साईबर अपराध व डिजिटल सुरक्षा से सम्बंधित तथ्यों पर जानकारी प्रदान की गई।
इस दौरान उनके द्वारा साईबर अपराध जैसे साईबर बुलिंग, आॅनलाईन उत्पीड़न, फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट, साइबर ग्रूमिंग जैसे अपराध घटित होने की स्थिति में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया गया।
चतुर्थ चरण में श्री भुवनेश शर्मा, सदस्य स्थाई लोक अदालत द्वारा स्थाई लोक अदालत की कार्य प्रणाली, जनोपयोगी सेवाओं से सम्बंधित प्रकरणों के अधिकार क्षेत्र एवं विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम धारा 22बी के बारे में अवगत करवाया गया।अंतिम चरण में श्री रोहताश यादव, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल द्वारा पीड़ित प्रतिकर स्कीम, लीगल एड डिफेंस काउंसिल स्कीम एवं नालसा, रालसा द्वारा संचालित विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी प्रदान की गई।
मंच संचालन श्री अमन चलाना ने किया।
