जैसलमेर । नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा की जा रही तैयारियों की सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में विस्तृत समीक्षा की गई।
आयुक्त, उपनिवेशन एवं सिंचित क्षेत्र विकास एवं जल उपयोगिता विभाग तथा नगरीय निकाय चुनाव-2026 के लिए नियुक्त चुनाव पर्यवेक्षक नवनीत कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में रिटर्निंग अधिकारियों, सहायक रिटर्निंग अधिकारियों एवं निर्वाचन कार्य से जुड़े समस्त संबंधित अधिकारियों के साथ चुनाव संबंधी विभिन्न व्यवस्थाओं एवं तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में चुनाव पर्यवेक्षक नवनीत कुमार ने कहा कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष निर्वाचन लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है।
ऐसे में निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े प्रत्येक अधिकारी एवं कार्मिक अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ करें।
उन्होंने निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं प्रोटोकॉल की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करते हुए सभी चुनावी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा में पूरी की जाएं।
प्रत्येक स्तर पर प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करें उन्होंने रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण की नियमित समीक्षा एवं मॉनिटरिंग करें तथा किसी भी स्तर पर सामने आने वाली समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि चुनावी कार्यों में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय अत्यंत आवश्यक है। सभी अधिकारी अपने-अपने दायित्वों को स्पष्ट रूप से समझते हुए टीम भावना से कार्य करें, ताकि मतदान से लेकर मतगणना तक पूरी निर्वाचन प्रक्रिया निर्बाध रूप से सम्पन्न हो सके।
बैठक में मतदान केन्द्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं, निर्वाचन सामग्री, मतदान दलों की व्यवस्थाओं, कार्मिकों की उपलब्धता, निर्वाचन संबंधी आवश्यक संसाधनों तथा अन्य व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए आवश्यक मूलभूत व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं।
कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष फोकस बैठक में नगरीय निकाय क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था की स्थिति एवं निर्वाचन के दौरान सुरक्षा प्रबंधों की भी समीक्षा की गई। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने संवेदनशील क्षेत्रों, मतदान केन्द्रों तथा आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी दी।
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि निर्वाचन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर सतर्कता बरती जाए। संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर प्रभावी निगरानी रखते हुए किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार रखी जाए। साथ ही, निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मतदान केन्द्रों पर व्यवस्थाओं का समय रहते करें परीक्षण बैठक में मतदान केन्द्रों पर उपलब्ध आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रत्येक मतदान केन्द्र का समय रहते निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का परीक्षण कर लिया जाए। मतदान दलों के आवागमन, निर्वाचन सामग्री की उपलब्धता एवं सुरक्षित रख-रखाव सहित निर्वाचन से जुड़े सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया जाए।
अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए कि निर्वाचन कार्य में लगे कार्मिकों को उनके दायित्वों एवं निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित दिशा-निर्देशों की समुचित जानकारी हो तथा आवश्यक प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन समय पर उपलब्ध कराया जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने तैयारियों की दी जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) अनुपमा जोरवाल ने जिले में नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के संबंध में अब तक की गई तैयारियों एवं विभिन्न निर्वाचन गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करते हुए सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध एवं प्रभावी रूप से निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा तैयारियों की दी जानकारी पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने निर्वाचन के दौरान कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में की जा रही तैयारियों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि शांतिपूर्ण मतदान के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंधों को प्रभावी रूप से सुनिश्चित किया जा रहा है। संवेदनशील क्षेत्रों एवं मतदान केन्द्रों पर विशेष निगरानी रखने तथा प्रशासन एवं पुलिस के बीच निरंतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया।
अधिकारियों ने लिया निर्वाचन प्रक्रिया को सफल बनाने का संकल्प इस दौरान निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों, मतदान केन्द्रों की व्यवस्थाओं, कार्मिकों की तैनाती, निर्वाचन सामग्री, कानून-व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
अधिकारियों ने विश्वास दिलाया कि नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे एवं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की प्रभावी पालना सुनिश्चित की जाएगी।
ये अधिकारी रहे मौजूद बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर परसाराम सैनी, विशेषाधिकारी जिला निर्वाचन विभाग रोहित वर्मा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी यथार्थ शेखर, उपखंड अधिकारी जैसलमेर वीरेंद्र सिंह, उपखंड अधिकारी पोकरण हीर सिंह चारण, उपायुक्त उपनिवेशन रामस्वरूप चौहान, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र सिंह सांदू, सहायक निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क प्रवीण प्रकाश चौहान सहित रिटर्निंग अधिकारी, सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
