कोटा, अगस्त। कोटा शहर के रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र में अवैध शराब की तस्करी को लेकर विवाद अब खूनी संघर्ष का रूप लेता नजर आ रहा है। पिछले करीब 15 दिनों में इस कथित विवाद से जुड़े दो अलग-अलग जानलेवा हमलों की घटनाएं सामने आने से पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठने लगे हैं।
सूत्रों के अनुसार जुलाई के अंतिम सप्ताह में 29 जुलाई को भदाना क्षेत्र में अनिल नामक युवक पर जानलेवा हमला हुआ था। इस मामले में शराब ठेकेदार रिंकू बना और उसके साथियों के खिलाफ रेलवे कॉलोनी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
अनिल ने 13 अगस्त सोमवार को कोटा सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी। प्रार्थना पत्र में उसने बताया कि घटना को 15 दिन से अधिक समय बीत जाने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी की कार्रवाई नहीं हुई है।
इसी बीच सोमवार देर रात करीब 11 बजे शराब ठेकेदार रिंकू बना पर करीब आधा दर्जन लोगों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने की सूचना सामने आई। हमले में रिंकू बना गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए बोरखेड़ा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार और उससे जुड़े विवादों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय स्तर पर आशंका जताई जा रही है कि यदि पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी और उससे जुड़े विवादों पर समय रहते सख्ती नहीं की तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
अब देखना यह है कि पुलिस पिछले मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ क्या कार्रवाई करती है और रिंकू बना पर हुए हमले के आरोपियों तक कब पहुंचती है। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई और पूरे मामले की जांच पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
