श्रीगंगानगर । श्रीगंगानगर को वर्ष 2027 तक नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से जिला कलेक्टर डॉ. अमित यादव (IAS) की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई।
इसमें नगर परिषद एवं जिले की विभिन्न नगर पालिकाओं के अध्यक्षों, उपाध्यक्षों एवं अधिकारियों का नशामुक्त श्रीगंगानगर एवं तम्बाकू विक्रेता लाइसेंसिंग (Tobacco Vendor Licensing – TVL) विषय पर ओरिएंटेशन किया गया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिला कलेक्टर डॉ. अमित यादव ने कहा कि श्रीगंगानगर में नशे की समस्या गंभीर है। बच्चों और युवाओं में बड़े नशों की शुरुआत अक्सर छोटे नशों से होती है।
उन्होंने कहा कि नशे की रोकथाम के लिए शुरुआती स्तर पर ही प्रभावी प्रयास करना जरूरी है। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने तथा उन्हें खेलकूद, फिटनेस और अन्य शारीरिक गतिविधियों से जोड़ने की आवश्यकता है।
उन्होंने सभी नगर निकायों के अध्यक्षों, उपाध्यक्षों एवं अधिकारियों से अपने-अपने वार्डों में नशामुक्ति को लेकर नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करवाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि शहर में ऐसा सकारात्मक वातावरण तैयार किया जाए, जहां युवाओं को खेल मैदानों, शारीरिक गतिविधियों एवं रचनात्मक कार्यों के अवसर मिलें।
इसके लिए आमजन को खेल मैदानों और स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास में सहयोग एवं निवेश के लिए भी प्रेरित किया जाए। जिला कलेक्टर ने कहा कि नशामुक्त श्रीगंगानगर के निर्माण में प्रशासन के साथ साथ आमजन की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
सभी जनप्रतिनिधि अपने अपने क्षेत्रों और नगर निकायों में सकारात्मक माहौल तैयार करें तथा स्थानीय स्तर पर नशे एवं तम्बाकू की बिक्री और सेवन को नियंत्रित करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने नशे की लत से प्रभावित व्यक्तियों को नशामुक्ति केंद्रों तक पहुंचाने और उनकी काउंसलिंग करवाने पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि नशे के कारण चोरी सहित कई सामाजिक बुराइयां बढ़ती हैं, इसलिए इसकी रोकथाम सामाजिक सुरक्षा के लिहाज से भी आवश्यक है।
तम्बाकू विक्रेता लाइसेंसिंग (TVL) पर बात करते हुए जिला कलेक्टर ने सभी नगर निकायों को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्रों में तम्बाकू विक्रेताओं से लाइसेंसिंग नियमों की पालना सुनिश्चित करवाएं।
उन्होंने कहा कि अवैध रूप से नशीले पदार्थों की बिक्री करने वालों की सूचना प्रशासन को दें। यदि किसी मेडिकल स्टोर पर अवैध नशीले पदार्थ या प्रतिबंधित दवाइयां बेची जा रही हैं, तो इसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों से करें।
नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
SRKPS के कार्यकारी निदेशक राजन चौधरी ने कार्यशाला में नशामुक्त भारत अभियान, तम्बाकू नियंत्रण और तम्बाकू विक्रेता लाइसेंसिंग के प्रावधानों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।
उन्होंने कहा कि नशामुक्ति का संदेश केवल सरकारी कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे प्रत्येक वार्ड और परिवार तक पहुंचाना जरूरी है।
उन्होंने नगर परिषद एवं नगर पालिकाओं के अध्यक्षों और उपाध्यक्षों से अपील की कि वे स्थानीय नागरिकों को नशे एवं तम्बाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें।
प्रत्येक वार्ड में आयोजित होने वाले विवाह समारोहों एवं अन्य सामाजिक कार्यक्रमों में भी नशामुक्ति और तम्बाकू मुक्त वातावरण का संदेश दिया जाए।
ऐसे आयोजनों के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने और युवाओं को इसकी लत से बचाने के लिए प्रेरित किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि तम्बाकू विक्रेता लाइसेंसिंग व्यवस्था का प्रभावी क्रियान्वयन तम्बाकू उत्पादों की अनियंत्रित बिक्री को रोकने और बच्चों एवं युवाओं को तम्बाकू की पहुंच से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यशाला में सभी नगर निकायों के जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से अपने अपने क्षेत्रों में नशामुक्ति एवं तम्बाकू नियंत्रण गतिविधियों को प्राथमिकता देने तथा प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने का आह्वान किया गया।
