श्रीगंगानगर। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक शुक्रवार को जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई।
बैठक में गत बैठक में दिए गए निर्देशों की पालना की समीक्षा के साथ सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला कलक्टर ने राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा अभियान के तहत आयोजित नेत्र जांच शिविरों की प्रगति की समीक्षा की। प्रगति अपेक्षाकृत कम पाए जाने पर उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए नेत्र जांच शिविरों की संख्या एवं प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्कूलों में मोटरसाइकिल से आने वाले नाबालिग विद्यार्थियों के संबंध में अब तक की गई कार्रवाई की रिपोर्ट भी देखी तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने लालगढ़ रोड पर ब्रेकर के साथ रिफ्लेक्टर लगाने के लिए एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देशित किया। साथ ही सड़कों से बेसहारा पशुओं को हटाने के लिए आगामी एक सप्ताह में टेंडर प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए।
जिला कलक्टर ने जिले में सर्वाधिक मल्टीपल पेंडिंग चालान वाले वाहन चालकों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने ई-डार पोर्टल पर लंबित निरीक्षणों को प्राथमिकता के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण करवाने के लिए भी संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया।
उन्होंने कहा कि तहसीलदार, एसएचओ, राजस्व अधिकारी एवं रोड एजेंसी के अधिकारी संयुक्त रूप से राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्थित ढाबों का निरीक्षण करें।
जिन ढाबा संचालकों ने आवश्यक पंजीयन नहीं करवाया है, उनका पंजीयन करवाने के साथ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अनाधिकृत पार्किंग, अतिक्रमण करने, दुकानों के बाहर सामान रखने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
साथ ही दुकानों के बाहर फुटपाथ का लेवल समान करवाने के लिए भी कहा। उन्होंने नहरों एवं सड़कों के किनारे के पेड़-पौधों की नियमित देखभाल करने तथा झुके हुए, क्षतिग्रस्त एवं दुर्घटना की आशंका वाले पेड़ों को चिन्हित कर नियमानुसार हटवाने के निर्देश दिए।
बैठक में एसपी श्री हरिशंकर यादव, अतिरिक्त जिला कलक्टर सतर्कता श्री अश्विन के. पवार, एसडीएम श्रीगंगानगर श्री नयन गौतम, सदस्य सचिव-पीएचईडी एसई श्री अनिल अग्रवाल, सीएमएचओ डॉ. अजय सिंगला, पीएमओ डॉ. सुखपाल सिंह, डॉ. अरविंद मित्तल, श्री देवानंद, श्रीमती राजेश, श्री सुरेंद्र पूनिया, श्री मंगत सेतिया, ईओ सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
