शहीद मेजर हरबंस सिंह चहल को समर्पित होगा साइक्लोथॉनशहरवासियों से अधिकाधिक संख्या में भाग लेने की अपीलश्रीगंगानगर।
स्वस्थ एवं फिट श्रीगंगानगर के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने तथा लोगों को स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 6 दिसंबर 2026 को श्रीगंगानगर में ‘श्रीगंगानगर साइक्लोथॉन 2026’ का आयोजन किया जाएगा।
यह आयोजन शहीद मेजर हरबंस सिंह चहल को समर्पित रहेगा।
सोसायटी अध्यक्ष एवं जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव के अनुसार साइक्लोथान के माध्यम से आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम एवं शारीरिक गतिविधियों के प्रति जागरूक करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।
सोसायटी द्वारा श्रीगंगानगर के समस्त नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों एवं साइकिलिंग प्रेमियों से इस आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की गई है।
साइक्लोथॉन केवल एक साइकिल रैली नहीं, बल्कि स्वस्थ, जागरूक और फिट समाज के निर्माण का सामूहिक संकल्प है। साइक्लोथॉन 2026 के लिए पंजीकरण प्रारंभ है।
इच्छुक प्रतिभागी https://fitganganagarsociety.in/cyclothon/register पर जाकर अपना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। आयोजन में विभिन्न आयु वर्ग एवं शारीरिक क्षमता के प्रतिभागियों के लिए तीन श्रेणियां निर्धारित की गई हैं।
इनमें 42 किलोमीटर की सहनशक्ति चुनौती, 25 किलोमीटर की फिटनेस राइड तथा 10 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के प्रतिभागियों के लिए 8 से 10 किलोमीटर की मनोरंजक एवं जनसामान्य साइकिल राइड शामिल है।
तीनों श्रेणियों के लिये प्रतिभागियों को एक घंटा पहले पुलिस लाइन में पहुंचकर रिपोर्टिंग करनी होगी। 42 किलोमीटर की सहनशक्ति चुनौती प्रातः 6ः30 बजे प्रारंभ होगी, जिसके लिए 2 घंटे 30 मिनट का निर्धारित समय रहेगा।
वहीं 25 किलोमीटर की फिटनेस राइड प्रातः 7ः00 बजे शुरू होगी और इसे पूरा करने के लिए 1 घंटा 30 मिनट का समय निर्धारित किया गया है।
इसके अलावा 8 से 10 किलोमीटर की मनोरंजक एवं जनसामान्य राइड प्रातः 8ः15 बजे प्रारंभ होगी, जिसमें बच्चे, युवा, महिलाएं एवं आम नागरिक उत्साहपूर्वक भाग ले सकेंगे।
जिला कलक्टर द्वारा आमजन से नशा मुक्ति के लिये अधिकाधिक संख्या में पंजीकरण करवाते हुए साईक्लोथाॅन में भाग लेने का आह्वान किया है।
फिट गंगानगर सोसायटी श्रीगंगानगर द्वारा आयोजित इस साइक्लोथॉन का उद्देश्य शहरवासियों, युवाओं और बच्चों को साइकिलिंग जैसी स्वस्थ एवं पर्यावरण अनुकूल गतिविधियों के लिए प्रेरित करना है।
साइकिल चलाना न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है, बल्कि यह स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।
