मुख्य सामग्री पर जाएँ
शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Literature News

नेत्रदान पर निशुल्क राष्ट्रीय बाल कविता प्रतियोगिता

कोटा। संस्कृति,साहित्य,मीडिया फोरम एवं सुवि आई हॉस्पिटल, कोटा के संयुक्त तत्वावधान में नेत्रदान महादान विषय पर निशुल्क राष्ट्रीय बाल कविता प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। डॉ.

WAf𝕏TGin✉🖨
नेत्रदान पर निशुल्क राष्ट्रीय बाल कविता प्रतियोगिता

कोटा। संस्कृति,साहित्य,मीडिया फोरम एवं सुवि आई हॉस्पिटल, कोटा के संयुक्त तत्वावधान में नेत्रदान महादान विषय पर निशुल्क राष्ट्रीय बाल कविता प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।

डॉ. सुरेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि प्रतियोगिता मिशन बाल मन तक - 26 के अंतर्गत सामाजिक सरोकारों के तहत बच्चों को नेत्रदान का महत्व समझने की दृष्टि से की जा रही है।

संयोजक डॉ. प्रभात कुमार सिंघल ने बताया कि इसमें कनिष्ठ वर्ग में 18 वर्ष तक आयु के बच्चें तथा वरिष्ठ वर्ग में 18 से ऊपर किसी भी आयु के रचनाकार 31 दिसंबर तक न्यूनतम 12 पंक्तियां एवं अधिकतम 16 पंक्तियां सीमा में टाइप की हुई अपनी कविताएं व्हाट्सएप नंबर 94142 60924 अथवा 9413350242 में से किसी एक पर भेज सकते हैं।

प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय, तृतीय , चतुर्थ, पंचम एवम् 5 प… [8:57 am, 26/11/2026] Prabhat: कोटा से उठेगी बाल साहित्य को पुनर्जीवित करने की मुहिम.......... बच्चों के हाथों से किताबें छूटीं, मोबाइल ने ली बचपन की जगह!

चंपक, लोटपोट, चंदामामा और पराग की दुनिया से दूर होती नई पीढ़ी : क्या फिर लौटेगा किताबों वाला बचपन?

कोटा से उठेगी बाल साहित्य को पुनर्जीवित करने की मुहिम........ लेखक : अख्तर खान अकेला, कोटा (राजस्थान) एक समय था जब घर में अखबार आने के साथ बच्चों को चंपक, लोटपोट, नंदन, पराग, चंदामामा और बालहंस जैसी पत्रिकाओं का इंतजार रहता था। डाकिए के आने पर बच्चे उत्सुकता से पूछते थे कि उनकी पसंदीदा पत्रिका आई या नहीं। गर्मियों की छुट्टियों में कहानियों की किताबें, कॉमिक्स और बाल उपन्यास बच्चों के सबसे अच्छे साथी हुआ करते थे।

चंपक का चीकू खरगोश, लोटपोट के कार्टून, चंदामामा की रहस्यमयी कहानियां और पराग की ज्ञानवर्धक रचनाएं केवल मनोरंजन नहीं थीं, बल्कि बच्चों की कल्पनाशक्ति, भाषा, संस्कार, वैज्ञानिक सोच और व्यक्तित्व निर्माण की पाठशाला थीं।

लेकिन आज तस्वीर बदल गई है। बच्चों के हाथों में किताबों की जगह मोबाइल फोन है। कहानी सुनने के बजाय वीडियो देखने, चित्रों को समझने के बजाय रील देखने और दोस्तों के साथ मैदान में खेलने के बजाय ऑनलाइन गेम खेलने का चलन तेजी से बढ़ा है।

कोटा सहित राजस्थान के अनेक शहरों में पुराने पुस्तक विक्रेताओं और समाचार पत्र विक्रेताओं के यहां बाल साहित्य की उपलब्धता और मांग को लेकर चिंता सामने आती है। रेलवे स्टेशनों के कई बुक स्टॉल पर भी बच्चों की लोकप्रिय कहानी पत्रिकाएं पहले जैसी प्रमुखता से दिखाई नहीं देतीं। यह केवल पत्रिकाओं की बिक्री का संकट नहीं है, बल्कि बच्चों की पढ़ने की आदत, कल्पनाशक्ति और स्वतंत्र चिंतन के सामने खड़ी एक बड़ी चुनौती है।

1. आंकड़े बता रहे हैं कि पढ़ने की आदत पर संकट है। इस समस्या को केवल भावनात्मक दृष्टिकोण से नहीं, बल्कि उपलब्ध सर्वेक्षणों के माध्यम से समझने की जरूरत है। राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण और ASER की रिपोर्टें ASER 2024 की रिपोर्ट में ग्रामीण भारत के बच्चों की पढ़ने की क्षमता से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़े सामने आए हैं।

सरकारी और निजी स्कूलों को मिलाकर कक्षा 3 के केवल 23.4 प्रतिशत बच्चे कक्षा 2 के स्तर का पाठ पढ़ पाने में सक्षम थे। कक्षा 5 के 48.8 प्रतिशत बच्चे कक्षा 2 के स्तर का पाठ पढ़ सकते थे। ग्रामीण क्षेत्र के 14 से 16 वर्ष के लगभग 90 प्रतिशत बच्चों ने बताया कि उनके घर में स्मार्टफोन उपलब्ध है। इसी आयु वर्ग में 36.2 प्रतिशत लड़कों और 26.9 प्रतिशत लड़कियों के पास अपना स्मार्टफोन था।

यहां एक बात समझना जरूरी है कि पढ़ने की क्षमता और मनोरंजन के लिए बाल साहित्य पढ़ने की आदत दो अलग-अलग विषय हैं। फिर भी ये आंकड़े बताते हैं कि डिजिटल माध्यम बच्चों के जीवन में कितनी गहराई तक पहुंच चुके हैं।

भारत में खाली होता जा रहा पढ़ने का समय एन. सी. ए. ई. आर. में प्रकाशित 2 फरवरी 2026 के एक विश्लेषण के अनुसार, 2019 में जहां 5.4 प्रतिशत भारतीयों ने अवकाश के समय पढ़ने की बात बताई थी, वहीं 2024 में यह अनुपात घटकर 4 प्रतिशत रह गया।

इस अध्ययन में यह भी सामने आया कि जो लोग पढ़ते हैं, उनमें बच्चों का औसत पढ़ने का समय प्रतिदिन लगभग 77.1 मिनट था।

इससे एक महत्वपूर्ण बात सामने आती है कि समस्या केवल पढ़ने की इच्छा में नहीं, बल्कि पढ़ने के लिए समय और अवसर उपलब्ध कराने में भी है। चंपक की कहानी भी दिलचस्प है, लेकिन संकट को समझना जरूरी है। यह मान लेना भी सही नहीं होगा कि भारत में बाल पत्रिकाओं का पूरा बाजार समाप्त हो चुका है।

एक मई 2025 को प्रकाशित इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में चंपक पत्रिका के प्रकाशक दिल्ली प्रेस के हवाले से बताया गया कि वर्ष 2022-23 में लगभग 10 लाख प्रतियों की बिक्री के मुकाबले 2024-25 में इसकी मुद्रित प्रतियों की बिक्री लगभग 18 लाख तक पहुंच गई।

यह आंकड़ा उत्साह बढ़ाने वाला है। इससे साबित होता है कि अच्छी सामग्री, लोकप्रिय पात्रों और बच्चों की रुचि के अनुसार प्रस्तुत साहित्य की मांग आज भी मौजूद है।

दूसरी ओर, चंदामामा का प्रकाशन 2013 में बंद हो चुका है। नंदन जैसी प्रतिष्ठित बाल पत्रिका भी अपने लंबे सफर के बाद बंद हो गई।

अर्थात चुनौती यह है कि कुछ पत्रिकाएं आज भी अपने पाठक बनाए हुए हैं, लेकिन अनेक पुराने बाल साहित्यिक मंच समय के साथ समाप्त हो गए हैं।

इंग्लैंड और लंदन में फिर किताबों की ओर लौटने की कोशिश : भारत के लिए यह विचारणीय है कि जिस डिजिटल संस्कृति की नकल हम तेजी से कर रहे हैं, उसी डिजिटल व्यस्तता से संतुलन बनाने के लिए विकसित देशों में पढ़ने की आदत को फिर प्रोत्साहित किया जा रहा है। ब्रिटेन में 2026 को पढ़ने के लिए राष्ट्रीय वर्ष के रूप में मनाने की पहल की गई है।

ब्रिटेन की रेलवे कंपनी एल. एन. ई. आर. ने 30 जनवरी 2026 को प्रकाशित अपनी एक रिपोर्ट में यात्रियों के पढ़ने संबंधी सर्वेक्षण के आंकड़े साझा किए।

सर्व के अनुसार 52 प्रतिशत यात्रियों ने ऑडियोबुक और पॉडकास्ट सुनने की बात कही। 30 प्रतिशत यात्रियों ने ई-बुक पढ़ने का अनुभव साझा किया।

15 प्रतिशत यात्रियों ने डिजिटल समाचार पत्र और पत्रिकाएं पढ़ने की बात कही। यह अध्ययन बताता है कि ब्रिटेन में रेल यात्राओं के समय को पढ़ने और ज्ञान अर्जित करने के अवसर के रूप में विकसित करने का प्रयास हो रहा है।

यहां यह स्पष्ट करना जरूरी है कि इन आंकड़ों से यह निष्कर्ष नहीं निकलता कि सभी ब्रिटिश यात्री मोबाइल छोड़कर छपी हुई पुस्तकें पढ़ रहे हैं। बल्कि यह बताता है कि डिजिटल और मुद्रित, दोनों प्रकार के पढ़ने को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

ब्रिटेन के राष्ट्रीय लाइब्रेरी ट्रस्ट की 2025 तक के आंकड़ों पर आधारित रिपोर्ट भी बताती है कि 8 से 18 वर्ष के बच्चों में मुद्रित माध्यम से कथा साहित्य पढ़ने का अनुपात 2017 के 59.5 प्रतिशत से घटकर 2025 में 49.3 प्रतिशत रह गया। अर्थात ब्रिटेन में भी समस्या है, लेकिन वहां इसे राष्ट्रीय स्तर पर गंभीरता से लेकर पढ़ने की संस्कृति पुनर्जीवित करने का प्रयास हो रहा है।

कोटा में बाल साहित्य को लेकर सकारात्मक पहल : उम्मीद अभी जिंदा है : कोटा को देशभर में शिक्षा की नगरी के रूप में पहचान मिली है। यहां लाखों विद्यार्थी शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आते हैं। लेकिन कोटा की पहचान केवल कोचिंग संस्थानों और प्रतियोगी परीक्षाओं तक सीमित नहीं होनी चाहिए। इसे बच्चों के साहित्य, संस्कृति, कला, रचनात्मकता और पुस्तक प्रेम का भी केंद्र बनना चाहिए।

इस दिशा में कोटा में कुछ महत्वपूर्ण सकारात्मक प्रयास हुए हैं।

मिशन बाल मन तक : हाड़ौती में नई उम्मीद कोटा के संस्कृति, साहित्य, मीडिया फोरम द्वारा साहित्यकारों एवं शिक्षाविदों के सहयोग से चलाया जा रहा मिशन बाल मन तक एक उल्लेखनीय पहल है। इस अभियान के अंतर्गत बाल साहित्य मेलों, निबंध प्रतियोगिताओं, चित्रकला, कार्टून, प्रश्नोत्तरी, कविता और कहानी लेखन जैसी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को साहित्य से जोड़ने का प्रयास किया गया है।

इस अभियान के संबंध में प्रकाशित एक गतिविधि प्रतिवेदन के अनुसार 41 बाल साहित्य मेलों का आयोजन हुआ और 35 हजार से अधिक बच्चे इससे जुड़े। इनमें से 19 हजार से अधिक बच्चों ने विभिन्न साहित्यिक गतिविधियों में भाग लिया और 423 बच्चों को उनकी प्रतिभा के लिए पुरस्कृत किया गया।

पूर्व संयुक्त निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क विभाग राजस्थान एवं लेखक डॉ प्रभात कुमार सिंघल की पहल पर तीन वर्ष पूर्व प्रारंभ किए मिशन बाल मन तक अभियान में अनेक साहित्यकारों, शिक्षकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का योगदान उल्लेखनीय रहा है।

इस वर्ष अक्टूबर 2026 में भी इस अभियान के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों में बाल साहित्य मेले आयोजित किए गए, जिनमें एक हजार से अधिक बच्चों ने भाग लिया।

आज कई बच्चें कविता , कहानी और निबंध लिखने लगे हैं। बच्चों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपना दम दिखा कर विजेता बने हैं।

यह प्रमाण है कि यदि बच्चों को अवसर, मंच और प्रोत्साहन दिया जाए तो उनमें साहित्य के प्रति रुचि पैदा की जा सकती है।

सार्वजनिक मंडल पुस्तकालय कोटा की पहल कोटा का राजकीय सार्वजनिक मंडल पुस्तकालय भी इस दिशा में सकारात्मक कार्य कर रहा है।

राष्ट्रीय पुस्तकालय सप्ताह और बाल दिवस के अवसर पर बाल पुस्तक प्रदर्शनियों, पोस्टर प्रतियोगिताओं, बुकमार्क निर्माण प्रतियोगिताओं तथा बाल साहित्यकारों के साथ परिचर्चाओं जैसी गतिविधियों का आयोजन किया गया है।

नवंबर 2023 में यहां 23 जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क ऑनलाइन पुस्तकालय सदस्यता देने की पहल भी सामने आई थी। बाल दिवस के अवसर पर नियमित रूप से पुस्तकालय आने वाले बाल पाठकों और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित करने का समाचार भी प्रकाशित हुआ।

यह पहल बताती है कि पुस्तकालय केवल प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण के केंद्र भी बन सकते हैं।

पुस्तक विक्रेताओं और रेलवे प्रशासन की जिम्मेदारी : कोटा में आज भी पुस्तक विक्रय की अनेक प्रतिष्ठित दुकानें हैं। इनमें पुस्तक प्रेमियों के लिए नई संभावनाएं मौजूद हैं।

क्रॉसवर्ड, जया बुक वर्ल्ड, सेकंड इनिंग्स, श्री जैन बुक डिपो और स्टेशन क्षेत्र के पुस्तक विक्रेताओं के माध्यम से बाल साहित्य को फिर बाजार में प्रमुखता दिलाई जा सकती है।

विशेष रूप से रेलवे स्टेशन के पुस्तक स्टॉल पर बच्चों के साहित्य की उपलब्धता बढ़ाना जरूरी है।

कोटा जंक्शन से प्रतिदिन हजारों यात्री गुजरते हैं। इनमें बड़ी संख्या में परिवार और बच्चे भी शामिल होते हैं। रेलवे प्रशासन और पुस्तक स्टॉल संचालकों को चाहिए कि वे बच्चों के लिए अलग बाल साहित्य खंड विकसित करें।

वहां चंपक और लोटपोट जैसी लोकप्रिय पत्रिकाएं। पंचतंत्र, अकबर-बीरबल और तेनालीराम की कहानियां। विज्ञान और अंतरिक्ष संबंधी रोचक पुस्तकें।स्वतंत्रता सेनानियों और महापुरुषों की जीवनियां।

हिंदी, अंग्रेजी और उर्दू की बाल साहित्यिक पुस्तकें। चित्रकथाएं और ज्ञानवर्धक कॉमिक्स।

रेलवे यात्रा में मोबाइल पर समय बिताने वाले बच्चों के सामने यदि आकर्षक बाल साहित्य उपलब्ध होगा तो निश्चित रूप से उनमें पुस्तकें खरीदने और पढ़ने की रुचि विकसित हो सकती है।

बच्चों को किताबों से जोड़ने के लिए क्या किया जाना चाहिए? समस्या का समाधान केवल मोबाइल छीन लेने से नहीं होगा। बच्चों को मोबाइल के मुकाबले अधिक आकर्षक, उपयोगी और आनंददायक विकल्प देना होगा।

इसके लिए कोटा सहित पूरे राजस्थान में निम्नलिखित कार्यक्रम शुरू किए जाने चाहिए।

प्रत्येक सरकारी और निजी विद्यालय में आयु के अनुसार बाल साहित्य का पुस्तकालय होना चाहिए। बच्चों को सप्ताह में कम से कम एक घंटा अपनी पसंद की पुस्तक पढ़ने के लिए दिया जाए।

हर मोहल्ले में बाल पुस्तक क्लब स्थानीय सामाजिक संस्थाओं, नागरिक समितियों और अभिभावकों के सहयोग से बाल पुस्तक क्लब बनाए जाएं। हर रविवार कहानी पाठ, कविता पाठ और पुस्तक परिचर्चा आयोजित की जाए।

पुस्तक पढ़ो, पुरस्कार पाओ अभियान चला कर बच्चों को हर महीने कम से कम दो पुस्तकें पढ़ने के लिए प्रेरित किया जाए। पुस्तक पढ़ने के बाद बच्चे अपनी भाषा में उसकी कहानी सुनाएं अथवा समीक्षा लिखें।

सर्वश्रेष्ठ बच्चों को पुस्तकें और सम्मान दिए जाएं। अभिभावक भी पढ़ें, बच्चे भी पढ़ें बच्चों को पढ़ने की आदत डालने का सबसे अच्छा तरीका है कि माता-पिता स्वयं पुस्तकें पढ़ें।

घर में प्रतिदिन आधा घंटा मोबाइल से दूरी बनाकर परिवार के साथ पुस्तक पढ़ने का समय निर्धारित किया जाए।

बाल साहित्यकारों को प्रोत्साहन : राजस्थान के साहित्यकारों को बच्चों के लिए स्थानीय इतिहास, संस्कृति, लोककथाओं, विज्ञान, पर्यावरण और सामाजिक सद्भाव पर पुस्तकें लिखने के लिए प्रोत्साहित किया जाए।

कोटा में वार्षिक बाल साहित्य महोत्सव : कोटा में प्रतिवर्ष राष्ट्रीय स्तर का बाल साहित्य महोत्सव आयोजित होना चाहिए। इसमें देशभर के बाल साहित्यकारों, चित्रकारों, प्रकाशकों, शिक्षकों और बाल पाठकों को आमंत्रित किया जाए।

हाड़ौती की संस्कृति और इतिहास बच्चों की पुस्तकों में आए कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ का इतिहास अत्यंत समृद्ध है।

हाड़ौती की लोककथाएं, लोकगीत, ऐतिहासिक महापुरुष, स्वतंत्रता सेनानी, दुर्ग, बावड़ियां, नदियां, वन्यजीवन और सांस्कृतिक विरासत बच्चों के लिए साहित्य का महत्वपूर्ण विषय बन सकते हैं।

बच्चों को चंबल नदी, मुकुंदरा की पहाड़ियों, गरड़िया महादेव, बूंदी के तारागढ़, झालावाड़ के गागरोन दुर्ग और बारां की जनजातीय संस्कृति के बारे में रोचक कहानियों के माध्यम से जानकारी दी जानी चाहिए।

कोटा रियासत के इतिहास, लाला जयदयाल और मेहराब खान जैसे स्वतंत्रता संग्राम के नायकों की कहानियां भी बच्चों तक पहुंचनी चाहिए।

बाल साहित्य ऐसा हो जो बच्चों को अपने शहर, अपने प्रदेश, अपने देश और अपनी संस्कृति से जोड़ते हुए वैज्ञानिक दृष्टिकोण और राष्ट्रीय एकता की भावना विकसित करे।

मोबाइल दुश्मन नहीं, लेकिन उसका अनियंत्रित उपयोग चिंता का विषय है यह भी स्वीकार करना होगा कि आधुनिक युग में मोबाइल और इंटरनेट शिक्षा, ज्ञान और सूचना के महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

बच्चों को तकनीक से पूरी तरह दूर करना संभव भी नहीं और उचित भी नहीं। लेकिन जब मोबाइल बच्चों के खेल, पुस्तक, बातचीत, पारिवारिक समय और वास्तविक सामाजिक जीवन का स्थान लेने लगे, तब चिंता आवश्यक है।

डिजिटल माध्यम से भी बाल साहित्य उपलब्ध कराया जा सकता है। ऑडियो कहानियां, ई-बुक, बाल साहित्य के ऑनलाइन मंच और डिजिटल पुस्तकालय उपयोगी हो सकते हैं।

लेकिन बच्चों के जीवन में छपी हुई किताबों का महत्व भी बनाए रखना होगा।

क्योंकि पुस्तक पढ़ना केवल शब्दों को देखना नहीं है, बल्कि कल्पना करना, प्रश्न उठाना, विचार करना और अपनी समझ विकसित करना भी है।

निष्कर्ष : बच्चों को मोबाइल नहीं, किताबों से दोस्ती भी सिखाइए आज आवश्यकता इस बात की है कि कोटा की शिक्षा नगरी को बाल साहित्य की नगरी बनाने का भी संकल्प लिया जाए।

जिस कोटा में लाखों विद्यार्थी अपने भविष्य के निर्माण के लिए आते हैं, वहां बच्चों की कल्पनाशक्ति, साहित्यिक अभिरुचि और रचनात्मक प्रतिभा के विकास के लिए भी बड़े स्तर पर प्रयास होने चाहिए। चंपक, लोटपोट, चंदामामा, पराग और नंदन की दुनिया ने एक पूरी पीढ़ी को कल्पनाशील बनाया है। अब नई पीढ़ी को उसी तरह की अच्छी पुस्तकों से जोड़ने की जिम्मेदारी हमारी है।

सरकार, शिक्षा विभाग, रेलवे प्रशासन, पुस्तक प्रकाशक, पुस्तक विक्रेता, साहित्यकार, सामाजिक संस्थाएं और अभिभावक यदि मिलकर काम करें तो यह अभियान एक बड़े सामाजिक आंदोलन का रूप ले सकता है।

कोटा से एक नई पहल शुरू हो सकती है — हर बच्चे के हाथ में एक किताब, हर घर में एक छोटा पुस्तकालय और हर विद्यालय में बाल साहित्य का संसार। आखिर बच्चे केवल परीक्षा पास करने के लिए नहीं होते, उन्हें अच्छा इंसान, संवेदनशील नागरिक, कल्पनाशील लेखक और जिम्मेदार विचारक भी बनना है।

आइए, बच्चों से उनका किताबों वाला बचपन वापस लौटाएं। क्योंकि मोबाइल बच्चों को दुनिया दिखा सकता है, लेकिन अच्छी किताबें उन्हें दुनिया को समझना सिखाती है। मिशन बाल मन तक जुड़े और बच्चों को किताबें पढ़ाने में आगे आएं शिक्षक, साहित्यकार और अविभावक !