मुख्य सामग्री पर जाएँ
रविवार, 15 नवंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Literature News

पुस्तक चर्चा: पाती अपनों को मुहिम - एक अनवरत यात्रा

समीक्षक डॉ. प्रभात कुमार सिंघल लेखक एवं पत्रकार, कोटा

मुख्य बिंदु
  • " लुप्त हो गई पत्र लेखन कला को पुनर्जीवित करने का संदेश देती कृति " यह पुस्तक इतिहास बन गई पाती अर्थात पत्र लेखन विधा को जीवित रखने के आठ वर्षों के निरंतर प्रयासों की कहानी कहती है।
  • सभ्यता के विकास के साथ ही एक दूसरे से संवाद करने के लिए अभिव्यक्ति का कोई न कोई माध्यम अवश्य रहा है।
  • कहने का आशय यह कि पत्र लेखन कला भी सभ्यता के साथ ही शुरू हो गई।
  • संचार साधनों के तकनीकी विकास का पत्र लेखन पर प्रतिकूल प्रभाव हुआ और लगभग लुप्त हो चुकी है।
WAf𝕏TGin✉🖨
पुस्तक चर्चा: पाती अपनों को मुहिम - एक अनवरत यात्रा
1 / 3

" लुप्त हो गई पत्र लेखन कला को पुनर्जीवित करने का संदेश देती कृति " यह पुस्तक इतिहास बन गई पाती अर्थात पत्र लेखन विधा को जीवित रखने के आठ वर्षों के निरंतर प्रयासों की कहानी कहती है।

सभ्यता के विकास के साथ ही एक दूसरे से संवाद करने के लिए अभिव्यक्ति का कोई न कोई माध्यम अवश्य रहा है। कहने का आशय यह कि पत्र लेखन कला भी सभ्यता के साथ ही शुरू हो गई।

संचार साधनों के तकनीकी विकास का पत्र लेखन पर प्रतिकूल प्रभाव हुआ और लगभग लुप्त हो चुकी है।

पुस्तक में पत्र लेखन की मुहिम के महत्व को बताते हुए लिखा है कि पारस्परिक संवाद के माध्यम से रिश्तों में आ रही दूरियों को कम करना, युवा पीढ़ी की रचनात्मक सोच को विकसित करना, सामाजिक समरसता, जीवन मूल्यों के प्रति लोगों को सजग करना, राष्ट्र/समाज/परिवार/परिवेश के विषय में सोचने की विचारधारा को बल प्रदान करना, सोशल मीडिया के बढ़ते दुष्प्रभावों को रोकना, पत्रों के माध्यम से रिश्तों में भावात्मक जुड़ाव उत्पन्न करना, पर्यावरण संरक्षण के प्रति सचेत करना, सामाजिक दायित्व बोध जागृत करना, पारिवारिक रिश्तों को सुदृढ़ करना,शैक्षिक जगत के स्तम्भ शिक्षक व विद्यार्थी के मध्य भावनाओं को मजबूत करना, अभिव्यक्ति को सशक्त करना, भावी पीढ़ी के लिए पत्रों को धरोहर के रूप में सहेजना इस मुहिम का प्रमुख उद्देश्य रहा है।

लेखक डॉ. सूरज सिंह नेगी द्वारा यह मुहिम 8 वर्ष पूर्व 5 सितंबर 2018 को राजस्थान में टोंक जिले की पीपलू उपखंड में, उपखंड अधिकारी के रूप में राजकीय उच्च माध्यमिक विधालय में आयोजित शिक्षक दिवस से आरंभ हो कर आज वटवृक्ष का रूप ले चुकी है।

इस मुहिम में इनकी धर्मपत्नी प्रो.मीना सिरोला का भरपूर सहयोग और समर्थन प्राप्त हुआ। बच्चों के साथ - साथ विभिन्न वर्गो के लोगों को जोड़ते हुए कई विषयों पर पत्र लेखन करवाया।

इस मुहिम को अच्छा समर्थन मिला और आज तक जारी हैं। आठ वर्षों के सकारात्मक काल खंड की अविस्मरणीय यात्रा में विभिन्न विषयों को केन्द्र में रखकर आयोजित 21 पाती लेखन प्रतियोगिताओं में 18 हजार से अधिक पत्र प्राप्त हुए।

प्राप्त पत्रों में से चयनित पत्रों के संकलन के रूप में 17 पत्र संग्रह पुस्तकों का प्रकाशन करवाया गया जिनमें 1687 चयनित पत्र शामिल किए गए हैं।

पत्र संग्रह पुस्तकों में माँ की पाती बेटी के नाम 2018 में, पत्र पिता के 2019 में, बच्चों के पत्र 2020 में, एक पाती मीत को 2021में, प्रकृति की पुकार 2021 में, पाती शिक्षक को 2021 में, बापू की चिट्ठी (मेरी जुबानी) 2022 में, माटी की पुकार 2022 में, पाती स्मृतियों के झरोखे से 2022 में, पाती डाकिए को 2023 में, लिख दी पाती बाबुल को 2023 में, गौरैया की पुकार 2023 में, पाती यादों के गलियारे से 2024 में, बच्चों की पाती मतदाताओं के नाम 2024 में, मैं बाबुल की परछाईं 2024 में, लिख दी चिठिया माई को 2025 में एवं पेड़ हमारे जीवनदाता 2026 में पत्र संग्रह पुस्तकें प्रकाशित हुई हैं।

प्रस्तुत पुस्तक 21 अध्य्ययो में लिखी गई है।

इनमें संवेदनाओं को सहेजने का एक 'नवाचारी' प्रयास में किए गए प्रयासों पर विस्तार से चर्चा , पाती अपनों को मुहिम का जन्म पर, पत्र लेखन विधा पर कार्य करने का अनुभव, प्रश्न जिनकी तलाश ने पाती मुहिम की तरफ प्रेरित किया, पाती मुहिम के उद्देश्य, वर्ष 2018 से वर्ष 2026 तक आयोजित पाती लेखन प्रतियोगिताएं, पाती लेखन प्रतियोगिता के चरण,पाती मुहिम का प्रभाव , पाती आधारित प्रकाशित पुस्तकें, स्टेकहोल्डर्स की भूमिका पाती मुहिम को पंख लगाते सदस्य, विस्तार लेता पाती परिवार, विभिन्न रंगों में रंगी पातियाँ, पुस्तक प्रकाशन को आगे आए हाथ, प्रकाशित पाती पुस्तकों की यात्रा, क्या कुछ है पाती पुस्तकों में,पत्र मूल्यांकन : एक जटिल कार्य, पुस्तक विमोचन समारोह किसी पारिवारिक आयोजन से कम नहीं, मेरा पाती परिवार - मेरा अनुभव, कम नहीं हैं चुनौतियाँ , एवं हौसले बढ़ाते कदम जैसे बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी देते हुए इस मुहिम की यात्रा के महत्व को बखूबी रेखांकित किया गया है।

पुस्तक पर कुछ लोगों का मत है की आज के दौर में जब मोबाइल से दुनिया के किसी भी कोने में बैठे व्यक्ति को ही नहीं वरन एक साथ कई व्यक्तियों का पलक झांकते ही संदेश भेजने का साधन उपलब्ध है तो आज पत्र लेखन विधा पर काम करने का क्या औचित्य है ?

हरियाणा सिरसा की विख्यात बाल साहित्यकार डॉ. शील कौशिक अपने विचार व्यक्त कर लिखती हैं, " पाती रूपी चाभी ने संवेदनाओं का दरवाजा खोला। पाती अपनों को मुहिम से जुड़ना मेरे लिए अत्यंत भाग्यशाली रहा।

सच पूछो तो जब-जब भी इन महत्वपूर्ण संवेदनशील विषय पर पाती लिखी हो मैं अपनी आँखों से उमड़ते हुए आँसुओं को न रोक पाई। पाती के एक चमत्कार का अवश्य जिक्र करना चाहूँगी कि मेरी एक बहुत पक्की सहेली से सात वर्षों से किसी गलतफहमी के कारण बोलचाल बंद थी।

एक दूसरे से बात करने में झिझक हो रही थी। मैंने उसे पत्र लिखा।

दिल की बात दिल तक पहुँची और सारी गलतफहमियाँ, कटुता तिरोहित हो गई। पाती लेखन ने स्मृति पटल पर बार-बार दस्तक देकर जीवन की खट्टी-मीठी यादों से जोड़ा।"

पृष्ठ 115 अजमेर के साहित्यकार गोविन्द भारद्वाज का कहना है," पाती मुहिम से लगभग उसी समय से जुड़ा जब से यह अभियान प्रारंभ हुआ। अजमेर के रचनाकारों ने प्रत्येक संस्करण में स्व. देवदत्त जी शर्मा के नेतृत्व में बढ़-चढ़कर भाग लिया।

मैं स्वयं निर्णायक की भूमिका के साथ-साथ एक प्रतियोगी के रूप में हमेशा उपस्थिति रहा। विद्यालयों में पाती लेखन विधा को लोकप्रिय और दैनिक जीवन में अपनाने के लिए विद्यार्थियों और अभिभावकों को प्रेरित किया है।

मुझे यह साझा करते हुए बहुत प्रसन्नता हो रही है कि इस आठ वर्ष की यात्रा में मैं भी एक यात्री की तरह साथ चलता रहा।" पृष्ठ 118 जोधपुर की साहित्यकार बसन्ती पंवार का इस मुहिम पर विचार है," आज के संक्रमण काल में जब पत्रों की दुनिया लुप्त प्राय हो चुकी थी. बच्चे तो लगभग इनसे अंजान ही थे, एक दिन किसी देवदूत की तरह आदरणीय डॉक्टर सूरज सिंह जी नेगी सर का पाती लेखन से संबंधित मैसेज पढ़ा तो मन की सुप्त भावनाओं ने करवट लेनी प्रारंभ कर दी और देखते ही देखते इस मुहिम ने समस्त विश्व को अपने आंचल में समेट लिया।

जब मैंने लगभग 50 वर्ष बाद पत्र लिखने के लिए हाथ में कलम उठाई तो आँखें भर आईं कुछ संकोच, कुछ असमंजस, कुछ डर और भी न जाने क्या-क्या भीतर उथल-पुथल होने लगी।

धीरे-धीरे विभिन्न विषयों पर पत्र आमंत्रित किए गए, भावनाएँ शब्दों का रूप लेने लगीं, मन हल्का होने लगा, अब तो आलम यह है कि चाहे गम हो या खुशी यूं ही खुद को ही पत्र लिख लेती हूँ।

किसी से अगर कुछ कह नहीं पाती तो वह भी लिखकर फाड़ देती हूँ।

मेरे भीतर अनेक क्षमताओं का विकास भी हुआ है।" पृष्ठ 121 जयपुर की डॉ. रीता सोलंकी पत्र लेखन पर अपने अनुभव बताते हुए लिखती हैं," पाती मुहिम से जुड़कर मुझे ऐसा लगा कि मोबाइल के मायाजाल से छूट कर उन्मुक्त गगन में उड़ने लगी हूँ।

जो शब्दों की मिठास, रिश्तों की गर्माहट को एहसास मात्र लेखन से मिला।

वह अनुभव अप्रतिम है, मन के भावों को शब्दों की अभिव्यक्ति देने से स्वयं की लेखन क्षमता बढ़ी व मैत्री में प्रगाढ़ता आई।" पृष्ठ 127 मध्यप्रदेश के रतनगढ़, नीमच से साहित्यकार ओमप्रकाश क्षत्रिय प्रकाश का कहना है, " स्वयं हाथ से पत्र लिखते-लिखते कब अनपढ़ों की सूची में जा बैठे, इस तकनीकी क्रांति की सरपट दौड़ती दुनिया में इसका बोध ही न हुआ।

प्रथम बार पाती मुहिम से जुड़ने का अवसर मिला जब 'डाकिए को पाती' अभियान चल रहा था। कलम हाथ में उठाई तो बहुत वक्त लगा यह सोचने में कि क्या, कहाँ और कैसे लिखा जाए।

विचारों की शून्यता और झंझावात दोनों से जूझना पड़ा। कम्प्यूटर और तुरत टंकण ने हमसे विचारों को क्रमबद्ध करने की शक्ति छीन ली है।

स्मृतियाँ भी पॉपकॉर्न की भाँति क्षण में उछलती हैं और उतनी ही तीव्रता से शांत हो जाती हैं।

स्थायी शब्द अपना अस्तित्व खोता जा रहा है।" पृष्ठ 128 दुबई, यू.ए.ई.की डॉ. आरती 'लोकेश' महत्व को रेखांकित कर लिखती हैं, "पाती मुहिम के लिए पत्र लिखते समय संयम, धैर्य और शालीनता से कार्य लेना हुआ तो यह पुनर्जागरण-सा अनुभव हुआ कि इन गुणों का कदाचित व्यवहार से विलुप्त होने का कारण भी यही है कि हमने पत्रों को जला डाला है, लिफाफों को फाड़ डाला है, कलम तोड़कर फेंक दी है।

इन तीनों के संयोग से लिखे पत्र मात्र शब्दों का जोड़-तोड़ नहीं होते, हमारे व्यक्तित्व के विकास के गुणात्मक अंग होते हैं। हम सामाजिकता सीखते हैं, कथनीय-अकथनीय के साथ ही करणीय-अकरणीय अप्रत्यक्ष रूप से सीखते जाते हैं।

स्वयं को संयत और नियंत्रित करने में पाती मुहिम का अविस्मरणीय योगदान है।" पृष्ठ 135 मेरी पाती मेरा परिवार अध्याय में उक्त चुनिंदा अनुभवों के साथ 98 देश विदेश के पाती लेखकों ने अपने गहन अनुभव से पाती लेखन मुहिम की सार्थता सिद्ध की है।

पुस्तक की भूमिका में पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी चन्द्र मोहन उपाध्याय लिखते है, " पत्रों का इतिहास मानव सभ्यता जितना ही पुराना है। पाती ने मिट्टी की तख्ती से मोबाइल तक का लम्बा सफर तय किया है किन्तु इस लम्बे सफर में संवेदनाओं की स्याही फीकी होती चली गई।

कागज पर कलम के सहारे उतरी भावनाओं की मिठास मोबाइल पर तैरती अंगुलियों से फीकी होती चली गई। एक समय ऐसा आया जब लगने लगा कि मोबाइल इंसानी भावनाओं को रिमूव करता जा रहा है।

अन्नाहम लिंकन का बेटे के प्रधानाध्यापक को लिखा पत्र हो या पण्डित जवाहरलाल नेहरू द्वारा पुत्री इन्दिरा (प्रियदर्शिनी) को लिखे पत्र हों, यह इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गये।

प्रसिद्ध उद्योगपति घनश्याम दास बिड़ला द्वारा अपने पुत्र बसंत कुमार बिड़ला को लिखा गया पत्र जीवन प्रबंधन एवं नैतिकता की कालजयी मार्गदर्शिका के रूप में सामने आया है।

यह पत्र विलासिता से दूर रहने, ईमानदारी से काम करने, स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और धन का उपयोग समाज सेवा के लिए करने की सीख देता है।" पृष्ठ 8 लेखक अपनी बात में लिखते है, " पत्र कभी केवल कागज का टुकड़ा नहीं रहा, उसमें लिखने वाले का मन होता था, उसकी धड़कन होती थी, उसकी प्रतीक्षा होती थी और सबसे बढ़कर -उसका अपनापन होता था।

इस मुहिम ने हमें सिखाया कि संवाद केवल सूचना का आदान-प्रदान नहीं है। संवाद वह है, जिसमें मन दूसरे मन तक पहुँचता है।

और जब संवाद पत्र के माध्यम से होता है तो शब्दों के साथ भावनाएँ भी यात्रा करती हैं।

हमें बच्चों की मासूम पातियाँ मिलीं, माता-पिता के नाम लिखे गए भावुक पत्र मिले, गुरुजनों के प्रति श्रद्धा से भरे शब्द मिले, प्रकृति के नाम संदेश मिले और समाज के प्रति चिंता व्यक्त करती अनेक संवेदनशील पातियाँ मिलीं।

किसी पाती में माँ की ममता थी, किसी में पिता की छाया, कहीं बचपन की स्मृतियाँ थीं, कहीं घर से दूर रहने की पीड़ा, कहीं गुरु के प्रति कृतज्ञता थी, तो कहीं भविष्य के बेहतर समाज का सपना।

हर पाती अपने भीतर एक संसार लेकर आई। धीरे-धीरे यह मुहिम एक कार्यक्रम से बढ़कर एक परिवार बनती चली गई-पाती परिवार।" पृष्ठ 12 यह कृति लेखकों ने अपने पिता स्व. ( कैप्टन ) दीवान सिंह सिरोला एवम् माता स्व. देवकी देवी को समर्पित की है।

पुस्तक की प्रिंटिग और कलेवर उत्कृष्ठ श्रेणी का है। आवरण पृष्ठ चित्रों में पाती अपनों को मुहिम की सफता स्वयं दर्शाता है।

कह सकते हैं आधुनिक समय में लुप्त हो गई पत्र लेखन कला को पुनर्जीवित करने का संदेश देती है।

संपर्क : मोबाइल, 96601 19122 पुस्तक : पाती अपनों को मुहिम - एक अनवरत यात्रा विधा : पत्र लेखन लेखक : डॉ. सूरज सिंह नेगी / प्रो. मीना सिरोला प्रकाशक : साहित्यागार, जयपुर मल्य : 300 ₹ प्रकार : पेपर बैक पृष्ठ : 184 उपलब्ध : अमेजन.इन / फिलिपकार्ट.कॉम ISBN: 978 - 93 - 5947 - 237 - 7