श्रीगंगानगर। नगर परिषद चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को आज एक और महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है।
वार्ड नंबर 42 में पार्टी की अधिकृत प्रत्याशी अनिता संजय झींझा के पक्ष में पूर्व पार्षद वीरपालकौर रिटायर हो गईं। इससे इस वार्ड में भाजपा का माहौल पूरी तरह एकतरफा हो गया है।नामांकन वापसी की अंतिम तिथि 3 सितंबर दोपहर 3 बजे समाप्त हो चुकी थी।
वीरपालकौर ने निर्दलीय नामांकन पत्र दाखिल किया था, लेकिन समय सीमा समाप्त होने से पहले वे अपना फॉर्म वापस नहीं ले सकी थीं।
पार्टी ने इस वार्ड से अनीता झींझा को आधिकारिक प्रत्याशी घोषित कर दिया है।भाजपा के जिला उपाध्यक्ष एवं नगर परिषद चुनाव संयोजक रतन गणेशगढ़िया ने जानकारी देते हुए बताया कि वीरपालकौर इस वार्ड की निवासी हैं और प्रतिष्ठित मास्टर बलदेवसिंह की पुत्रवधू हैं।
इस परिवार का वार्ड में काफी प्रभाव और सम्मान है। अब इस प्रभाव का लाभ अधिकृत प्रत्याशी अनीता झींझा को चुनाव में मिलेगा।रतन गणेशगढ़िया ने कहा कि वीरपालकौर के रिटायर हो जाने से वार्ड 42 में भाजपा के पक्ष में माहौल पूरी तरह अनुकूल हो गया है।
पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक उत्साहित हैं।पार्टी बागी और असंतुष्ट कार्यकर्ताओं को समझाने-मनाने का काम लगातार जारी रखे हुए है।
उनके सहित महेश पेडीवाल, अशोक चांडक, मधुसूदन बिहानी,संजय महिपाल, डॉ. बृजमोहन सहारण, प्रदीप धेरड़, अशोक मुंजराल, मंगलचंद डाल और श्याम सोनी सहित वरिष्ठ नेताओं की टीम वार्ड स्तर पर सक्रिय है।
ये नेता बागी प्रत्याशियों और असंतुष्ट कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उन्हें पार्टी लाइन पर लाने की कोशिश कर रहे हैं।
