मुख्य सामग्री पर जाएँ
शनिवार, 17 अक्टूबर 2026 उदयपुर · 29°C
Kota News

ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर के निर्देशन में तार चोर गिरोह का पर्दाफाश, 1200 किलो विद्युत तार बरामद

कोटा ग्रामीण की 77 वारदातों का खुलासा, तीन आरोपी और दो कबाड़ी गिरफ्तार, चोरी में प्रयुक्त वाहन जब्त

WAf𝕏TGin✉🖨
ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर के निर्देशन में तार चोर गिरोह का पर्दाफाश, 1200 किलो विद्युत तार बरामद

कोटा। कोटा ग्रामीण पुलिस ने किसानों और विद्युत विभाग के लिए परेशानी का कारण बने विद्युत तार चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर के निर्देशन में गठित चोरी निरोधक सेल ने करीब एक महीने की मेहनत के बाद कार्रवाई करते हुए 1200 किलोग्राम से अधिक विद्युत तार बरामद किए हैं। पुलिस ने गिरोह के सदस्य पूरण बागरी, सुल्तान बागरी और गोलू बागरी सहित चोरी का माल खरीदने वाले शाहिद और जाहिद कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। वारदातों में प्रयुक्त वाहन भी जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई से कोटा ग्रामीण जिले में 77 स्थानों पर हुई तार चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है। इसके अलावा कोटा रेंज और बारां जिले की कई वारदातों से जुड़े तथ्य भी सामने आए हैं। गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी का माल खरीदने वाले करीब एक दर्जन संदिग्धों की तलाश जारी है।

किसानों की फसलों पर मंडरा रहा था संकट

जिले के कैथून, सीमलिया, देवली मांझी और दीगोद थाना क्षेत्रों में खेतों में लगे बिजली के खंभों से 11 केवी और 33 केवी तार काटकर चोरी करने की घटनाएं लगातार बढ़ रही थीं। इसके चलते किसानों की बिजली आपूर्ति बाधित हो रही थी और सिंचाई के अभाव में फसलों को नुकसान पहुंचने का खतरा बढ़ गया था। बारां जिले में भी ऐसी वारदातें सामने आई थीं।

एक महीने की मेहनत के बाद मिली सफलता

लगातार बढ़ती घटनाओं को देखते हुए एसपी सुजीत शंकर के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकल्याण मीणा और वृत्ताधिकारी अरुण कुमार के सुपरविजन में विशेष टीम गठित की गई। कैथून थाना प्रभारी मनोज सिकरवार और सीमलिया थाना प्रभारी नन्द सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने साइबर सेल और जिला विशेष टीम की मदद से जांच शुरू की।

पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज, टोल डाटा और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी गई। करीब एक महीने की जांच के बाद पुलिस को स्थानीय मोग्या-बागरी गिरोह की संलिप्तता के सुराग मिले।

तीन गिरोहों की भूमिका आई सामने

पुलिस जांच में पूरण बागरी, जीतू उर्फ जितेन्द्र बागरी और नाथूलाल मोग्या से जुड़े गिरोहों की भूमिका सामने आई। ये गिरोह कोटा ग्रामीण और बारां जिले के विभिन्न क्षेत्रों में खेतों के बिजली खंभों से तार काटकर चोरी कर रहे थे।

पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर के अनुसार, आरोपियों से 1200 किलोग्राम से अधिक विद्युत तार बरामद किया गया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी का माल खरीदने वालों की तलाश में जुटी है। मामले में आगे की जांच जारी है।