कोटा। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की आसूचना इकाई, कोटा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बूंदी जिले की तालेड़ा पंचायत समिति में पदस्थापित जूनियर टेक्निकल असिस्टेंट (संविदाकर्मी) भानूप्रताप सिंह को 70 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस उप अधीक्षक श्रीमती चन्द्रकंवर के नेतृत्व में की गई।
एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में आरोपी पर परिवादी द्वारा करवाए गए कार्यों के बिलों के भुगतान संबंधी काम की एवज में 70 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने उसका सत्यापन कर ट्रैप की कार्रवाई को अंजाम दिया।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि पुलिस उप महानिरीक्षक ओमप्रकाश मीणा, कोटा रेंज के पर्यवेक्षण में पुलिस उप अधीक्षक श्रीमती चन्द्रकंवर के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी भानूप्रताप सिंह को परिवादी से 70 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक पुलिस एस. परमिला के पर्यवेक्षण में आरोपी से पूछताछ की जा रही है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे का अनुसंधान किया जाएगा।
एसीबी की अपील: भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 1064 और व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 94135-02834 पर 24 घंटे संपर्क किया जा सकता है।
